क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने भारत में क्रिकेट को लेकर फैंस के बीच जुनून को देखते हुए अपने एक इंटरव्यू के दौरान बड़ा बयान दिया है। सीए के सीईओ ने माना कि भारतीय बाजार में क्रिकेट के लिए बड़े मौके हैं ऐसे में हम ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच भारत में टेस्ट मैच कराने का विचार कर सकते हैं। हालांकि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। बता दें कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस साल के आखिर में शुरू होने वाले बिग बैश लीग सीजन के पहले मुकाबले को भारत में कराने का आधिकारिक ऐलान हाल में जुलाई महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान किया था।
ECB और BCCI के साथ हमारे संबंध काफी अच्छे
भारत में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मुकाबले कराने को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने बीबीसी के स्टंप्ड पॉडकास्ट में कहा कि हमें टेस्ट क्रिकेट को लेकर सभी विकल्पों पर विचार करना चाहिए। भारत में क्रिकेट का नया कंटेट ले जाने के काफी मौके हैं। हालांकि अभी हमारी ऐसी कोई योजना नहीं है, लेकिन भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस आइडिया पर विचार किया जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत के बीच टेस्ट क्रिकेट मजबूत स्थिति में है और इसे आगे बढ़ाना जरूरी है। हालांकि तीनों टीमों का शेड्यूल देखा जाए तो वह काफी व्यस्त है और साल में कुल 365 दिन होते हैं लेकिन जितना कंटेंट हम देना चाहते हैं उसके लिए हमें थोड़ा अधिक समय चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया को अगले साल इंग्लैंड में खेलनी है एशेज सीरीज
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने 23 जुलाई को अगले साल 2027 में होने वाली एशेज टेस्ट सीरीज के पूरे शेड्यूल का ऐलान कर दिया है जिसमें सीरीज की शुरुआत 18 जून से नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम से होगी। वहीं इसके बाद मुकाबले लॉर्ड्स, एजबेस्टन, साउथेम्प्टन और ओवल में खेले जाएंगे। वहीं इससे पहले दोनों टीमों के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की 150वीं वर्षगांठ पर डे-नाइट टेस्ट मार्च 2027 में खेला जाएगा। जिसमें ये मुकाबला भी काफी अहम रहने वाला है। ऐसे में अब ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच कब भारत में पहली बार टेस्ट मुकाबले का आयोजन किया जाएगा इसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें
जोस बटलर ने क्रिस गेल को छोड़ा पीछे, टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बने दूसरे बल्लेबाज