1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. राजस्थान रॉयल्स को हराते ही CSK ने लगाया खास 'अर्धशतक', KKR और मुंबई इंडियंस की कर ली बराबरी

राजस्थान रॉयल्स को हराते ही CSK ने लगाया खास 'अर्धशतक', KKR और मुंबई इंडियंस की कर ली बराबरी

 Published : May 12, 2024 07:38 pm IST,  Updated : May 12, 2024 08:30 pm IST

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हरा दिया है। इस मैच जीतते ही सीएसके की टीम ने एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है।

CSK Team- India TV Hindi
CSK Team Image Source : PTI

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने राजस्थान रॉयल्स की टीम को 5 विकेट से हरा दिया है। इस मैच में सीएसके लिए गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। इस मैच में राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। जो गलत साबित हुआ। राजस्थान के लिए कोई भी बल्लेबाज अच्छा खेल नहीं दिखा पाया। राजस्थान ने चेन्नई को जीतने के लिए 142 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में सीएसके ने टारगेट को 5 विकेट खोकर चेज कर लिया। 

CSK ने चेन्नई के मैदान पर हासिल की 50वीं जीत

चेन्नई सुपर किंग्स की चेन्नई के मैदान पर ये 50वीं जीत है। आईपीएल में एक मैदान पर 50 से ज्यादा जीत दर्ज करने वाली सीएसके कुल तीसरी टीम बनी है। उससे पहले केकेआर और मुंबई इंडियंस की टीमें ऐसा कर चुकी हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने कोलकाता के मैदान पर 52 मुकाबले जीते हैं। वहीं मुंबई इंडियंस ने मुंबई के मैदान पर 52 मैच जीते हैं। 

सीएसके ने हासिल की जीत

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए रचिन रवींद्र ने तेज शुरुआत की। उन्होंने 27 रन बनाए। इसके बाद डेरिल मिचेल ने 13 गेंदों में 22 रन बनाए। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 41 गेंदों में 42 रन बनाए। वह अंत तक आउट नहीं हुए। रवींद्र जडेजा फील्डिंग में बाधा पहुंचाने के लिए आउट दिए। वह सिर्फ 5 रन ही बना पाए। डेरिल मिचेल ने 22 रन रन बनाए। समीर रिजवी ने चौका लगाकर सीएसके को जीत दिलाई। वह 15 रन बनाकर नॉट आउट रहे। राजस्थान रॉयल्स के लिए रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा दो विकेट अपने नाम किए। 

राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज हुए फ्लॉप

बल्लेबाजी करने उतरे राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाजों ने तुषार देशपांडे और महेश तीक्ष्णा के खिलाफ शुरुआती दो ओवरों में सतर्क शुरुआत की। पारी का पहला चौका तीसरे ओवर में लगा। राजस्थान के खिलाड़ियों ने पावरपले में एक छक्के सहित केवल छह बाउंड्री लगाई। यशस्वी जायसवाल (21 गेंद में 24 रन) ने यह छक्का लगाया। इससे साफ दिख रहा था कि पिच शायद हिट लगाने के मुफीद नहीं थी। राजस्थान रॉयल्स ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 42 रन बनाए। नौवें ओवर में जोस बटलर (25 गेंद, 21 रन) डीप फाइन लेग में शॉट लगाने की कोशिश में देशपांडे को कैच दे बैठे। कप्तान संजू सैमसन ने 15 रन बनाए। रियान पराग धीमे विकेट पर 35 गेंद में नाबाद 47 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे।

सिमरजीत सिंह ने हासिल किए तीन विकेट

रियान पराग और ध्रुव जुरेल (18 गेंद, 28 रन) ने 17वें ओवर से तेज खेलने की कोशिश की, लेकिन पिच धीमी होती जा रही थी। अंतिम चार ओवर में सिमरजीत, देशपांडे और शार्दुल ठाकुर ने गेंदबाजी की। देशपांडे ने अंतिम ओवर में जुरेल और शुभम दुबे को लगातार गेंदों पर आउट किया। सीएसके के लिए सिमरजीत स्टार रहे जबकि जडेजा ने सबसे किफायती गेंदबाजी की। सिमरजीत सिंह ने चार ओवर में  26 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। तुषार देशपांडे के खाते में दो विकेट गए। 

यह भी पढ़ें

रुतुराज गायकवाड़ ने की एमएस धोनी और विराट कोहली की बराबरी, संजू से अभी भी पीछे

क्या एमएस धोनी ले रहे हैं रिटायरमेंट? CSK के एक पोस्ट ने मचाया बवाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल