1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. VIDEO: PSL में ड्रामा, उस्मान तारिक के एक्शन को लेकर फिर खड़ा हुआ बखेड़ा, मिचेल ने गेंद खेलने से किया इनकार

VIDEO: PSL में ड्रामा, उस्मान तारिक के एक्शन को लेकर फिर खड़ा हुआ बखेड़ा, मिचेल ने गेंद खेलने से किया इनकार

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 11, 2026 09:10 am IST,  Updated : Apr 11, 2026 09:12 am IST

पाकिस्तान सुपर लीग यानी PSL 2026 में आए दिन विवाद होते रहते हैं। अब एक बार फिर PSL एक नए विवाद के कारण चर्चा में है। वजह हैं स्पिनर उस्मान तारिक।

Usman Taiq- India TV Hindi
उस्मान तारिक Image Source : AP

Usman Tariq: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के मुकाबले में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने क्रिकेट के मैदान पर फेयर प्ले को लेकर नई बहस छेड़ दी। दरअसल, कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स के स्पिनर उस्मान तारिक की गेंदबाजी का सामना करने से ही इनकार कर दिया। वजह थी तारिक का गेंद डालने से पहले ठहराव, जिसे मिचेल ने अपनी टाइमिंग में खलल डालने वाला बताया।

उस्मान तारिक के एक्शन पर फिर उठे सवाल

यह घटना रावलपिंडी की पारी के बीच के ओवरों में हुई। जैसे ही उस्मान तारिक गेंदबाजी के लिए आगे बढ़े, उन्होंने अपने खास अंदाज में रन-अप के दौरान रुककर गेंद फेंकी। इस पर मिचेल क्रीज से हट गए और अंपायर को इशारा किया कि वह इस गेंद के लिए तैयार नहीं हैं। एक ही ओवर में उन्होंने कई बार ऐसा किया, जिससे कमेंटेटर्स भी हैरान रह गए। पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा ने ऑन-एयर कहा कि मिचेल को उस्मान का सामना बेहतर तरीके से करना चाहिए था। 

हालांकि, इस विवाद के बावजूद उस्मान तारिक का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 2 विकेट झटके और अहम बात यह रही कि उन्होंने इसी मुकाबले में डेरिल मिचेल का विकेट भी हासिल किया। उनकी 5.75 की इकोनॉमी रेट ने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। तारिक का यह अनोखा गेंदबाजी एक्शन अब PSL 2026 में चर्चा का विषय बन चुका है। विरोधी टीमों के बल्लेबाजों लिए यह बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। बता दें, तारिक का एक्शन पहले भी विवादों में आ चुका है। ऑस्ट्रेलिया की टीम जब पाकिस्तान आई थी, तो ऑस्ट्रेलियान प्लेयर्स ने उस्मान तारिक के एक्शन पर सवाल उठाए थे।

क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने दर्ज की जीत

मैच की बात करें तो क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रावलपिंडी को 61 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ क्वेटा की टीम पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि रावलपिंडीज लगातार पांच हार के साथ सबसे निचले पायदान पर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें:

IPL 2026 Orange Cap: वैभव सूर्यवंशी ने साथी खिलाड़ी से ही छीन ली ऑरेंज कैप, 4 मैचों में ठोके 200 रन

रवींद्र जडेजा का धमाका, हार्दिक पांड्या के बाद ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे भारतीय

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल