भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह अब वुमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने भारतीय महिला टीम की पूर्व गेंदबाज झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड तोड़ा है। दीप्ति शर्मा ने वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बेथ मूनी का विकेट लेकर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया।
वुमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर्स
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो वहां अब 356 विकेट के साथ दीप्ति शर्मा टॉप पर पहुंच गई हैं। इसके बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर झूलन गोस्वामी का नाम है। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 355 विकेट लेने में कामयाब रही थी। इस ऐतिहासिक लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (336) तीसरे और इंग्लैंड की कैथरीन साइवर-ब्रंट (335) चौथे स्थान पर हैं। उनके बाद इस लिस्ट में 333 विकेट के साथ सोफी एक्लेस्टोन का नाम है। वह पांचवें नंबर पर है।
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
- 356 - दीप्ति शर्मा (IND)
- 355 - झूलन गोस्वामी (IND)
- 336 - एलिस पैरी (AUS)
- 335 - कैथरीन साइवर-ब्रंट (ENG)
- 333 - सोफी एक्लेस्टोन (ENG)
- 323 - शबनीम इस्माइल (SA)
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में दीप्ति शर्मा ने लिया था पांच विकेट हॉल
दीप्ति शर्मा के लिए यह 279वां इंटरनेशनल मैच है। उनका हालिया फॉर्म बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती मैच में भी पांच विकेट चटकाए थे। आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं दीप्ति शर्मा पहले से ही महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने थाईलैंड की स्पिनर थिपाचा पुत्थावोंग (105 मैचों में 165 विकेट) को पीछे छोड़ते हुए नंबर 1 पर अपना कब्जा जमाया है।
टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुई टीम इंडिया
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेले गए मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। इस मैच में टीम इंडिया के लिए हरमनप्रीत कौर ने 27 बॉल पर 56 रनों की कप्तानी पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस टारगेट को 19 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस हार के साथ ही भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है।
यह भी पढ़ें
हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, 25 गेंदों में पचासा जड़ तोड़ दिया अपना ही रिकॉर्ड