1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा के बाद अब दीप्ति शर्मा की बारी, महिला टी20 वर्ल्ड कप को लेकर कही ये बात

रोहित शर्मा के बाद अब दीप्ति शर्मा की बारी, महिला टी20 वर्ल्ड कप को लेकर कही ये बात

 Written By: Rishikesh Singh
 Published : Aug 21, 2024 10:33 pm IST,  Updated : Aug 21, 2024 10:33 pm IST

दीप्ति शर्मा महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इस बार टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन यूएई में किया जाना है। यह टूर्नामेंट पहले बांग्लादेश में खेला जाना था।

Deepti Sharma- India TV Hindi
दीप्ति शर्मा Image Source : GETTY

भारत की स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा ने आगामी महिला टी20 विश्व कप 2024 में भारत की पहली आईसीसी ट्रॉफी जीतने के अपने इरादे जाहिर किए हैं। दीप्ति ने हाल ही में आईसीसी द्वारा विश्व कप का वेन्यू बांग्लादेश से यूएई में शिफ्ट करने के बाद अपनी राय रखी है। उनका कहना है कि भारतीय टीम इस बदलाव से बिल्कुल भी चिंतित नहीं है और वे पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। महिला टी20 वर्ल्ड कप का 9वां सीजन 3 अक्टूबर से यूएई में शुरू होने जा रहा है। अचानक से वेन्यू में बदलाव से टीमों की तैयारियों में बाधा आ सकती है, लेकिन दीप्ति शर्मा को इस बदलाव का भारतीय टीम पर कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं दिख रही है। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम यूएई की परिस्थितियों से भली-भांति परिचित है और उन्होंने अपने प्रदर्शन पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित किया हुआ है।

दिप्ती शर्मा ने कही ये बात

बांग्लादेश में स्पिन के अनुकूल पिचों की तुलना में यूएई में अधिक संतुलित खेल की स्थिति की उम्मीद की जा रही है। दीप्ति, जो भारत की मजबूत स्पिन अटैक की अगुआई करती हैं, उनका मानना है कि वेन्यू में बदलाव से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और भारतीय खेमा यूएई की पिचों के लिए पूरी तरह से तैयार है। दीप्ति ने एक इंटरव्यू में बताया कि वर्ल्ड कप कहीं भी हो, हमें अपनी रणनीति और खेल पर फोकस करना है। मैं एक ऑलराउंडर के तौर पर टीम की सफलता में कैसे योगदान दे सकती हूं, इस पर मेरा पूरा ध्यान है। पिछले 4-5 महीने हमारे लिए अच्छे रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हम इस बार ट्रॉफी का इंतजार खत्म करेंगे।

भारत को अभी भी पहले ट्रॉफी का इंतजार

2020 में ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप में भारत का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था, जहां टीम फाइनल में पहुंची थी लेकिन उसे मेजबान टीम से हार का सामना करना पड़ा था। पिछले 2023 सीजन में भी भारत सेमीफाइनल में पहुंचा, लेकिन वहां भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन इस बार भी भारत की सफलता के लिए महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि 2024 में उन्होंने सभी फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है। वह आईसीसी वनडे और टी20 रैंकिंग में भारत की बेस्ट रैंकिंग वाली गेंदबाज और ऑलराउंडर हैं और उन्होंने हाल ही में लंदन स्पिरिट को द हंड्रेड विमेन 2024 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। इस बार दीप्ति और भारतीय टीम की नजरें सिर्फ एक ही लक्ष्य पर हैं - पहली बार आईसीसी ट्रॉफी जीतना।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल