1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ILT20 को मिला नया चैंपियन, MI को मिली हार, सैम करन की कप्तानी में डेजर्ट वाइपर्स ने पहली बार जीता खिताब

ILT20 को मिला नया चैंपियन, MI को मिली हार, सैम करन की कप्तानी में डेजर्ट वाइपर्स ने पहली बार जीता खिताब

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 05, 2026 12:03 am IST,  Updated : Jan 05, 2026 12:06 am IST

ILT20 2025-26 के फाइनल में MI एमिरेट्स को हराकर डेजर्ट वाइपर्स ने इतिहास रच दिया। सैम करन की कप्तानी वाली डेजर्ट वाइपर्स ने पहली बार ILT20 का खिताब अपने नाम किया।

ILT20 - India TV Hindi
डेजर्ट वाइपर्स Image Source : @THEDESERTVIPERS AND @MIEMIRATES

Desert Vipers vs MI Emirates: ILT20 2025-26 यानी इंटरनेशनल लीग T20 के विजेता का फैसला हो गया है। डेजर्ट वाइपर्स ने पहली बार ILT20 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। डेजर्ट वाइपर्स 4 जनवरी को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में MI एमिरेट्स को 46 रन से हराकर चैंपियन बनी। इस तरह MI का दूसरी बार खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया। बता दें, MI एमिरेट्स साल 2024 में ILT20 का खिताब जीत चुकी है। 

MI का खिताब जीतने का सपना टूटा

डेजर्ट वाइपर्स की खिताबी जीत में कप्तान सैम करन का अहम योगदान रहा। सैम करन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वह नाबाद लौटे। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेजर्ट वाइपर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 182 रनों का स्कोर खड़ा किया। डेजर्ट वाइपर्स की ओर से कप्तान सैम करन ने 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 51 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए। वहीं, मैक्स होल्डन ने 41 रनों का योगदान दिया। सलामी बल्लेबाज फखर जमां 20 और जेसन रॉय 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। डैन लॉरेंस 23 रन बनाकर रन आउट हुए। MI की ओर से फजलहक फारूकी सबसे सफल गेंदबाज रहे। फारूकी ने 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं, अरब गुल मोमंद के हाथ एक सफलता लगी।

पोलार्ड और शाकिब ने जगाई उम्मीद

डेजर्ट वाइपर्स के 182 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी MI एमिरेट्स का आगाज कुछ खास नहीं रहा। टीम ने 8 ओवर के अंदर ही महज 54 रन पर अपने 4 विकेट खो दिए। सलामी बल्लेबाज मुहम्मद वसीम 26 और आंद्रे फ्लेचर सिर्फ 10 रन बना सके। विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम बैंटन भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और कप्तान कायरन पोलार्ड ने मोर्चा संभाला और टीम का स्कोर 14 ओवर में 100 रन के पार ले गए। यहां से मैच कांटे का नजर आ रहा था। 15वें ओवर से 10 रन बटोरने के बाद शाकिब ने गियर बदलने की कोशिश की लेकिन 16वें ओवर की पहली ही गेंद पर आसान सा कैच दे बैठे। इस तरह टीम को 5वां झटका लगा। शाकिब स्पिनर उस्मान तारिक का शिकार बने। शाकिब ने 27 गेंदों पर 36 रन बनाए, जिसमें 3 चौके शामिल रहे।

शाकिब के पवेलियन लौटने के बाद तजिंदर सिंह ढिल्लों कप्तान पोलार्ड का साथ देने के लिए क्रीज पर आए। हालांकि, उनके आते ही कप्तान भी चलते बने। नसीम शाह ने 17वें ओवर में आते ही पोलार्ड को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इस विकेट के गिरते ही MI जीत से दूर होती चली गई और अंत में पूरी टीम 18.3 ओवर में 136 रन ही बना सकी। डेजर्ट के लिए नसीम शाह और डेविड पेन ने 3-3 विकेट झटके जबकि खुजैमा तनवीर और उस्मान तारिक को 2-2 विकेट मिले।

यह भी पढ़ें:

IPL से बाहर हुए मुस्तफिजुर रहमान, अब T20 क्रिकेट में इतिहास रचते हुए किया बड़ा कमाल

IPL 2026 से पहले RR के स्टेडियम पर लटकी तलवार, RCA ने BCCI के सामने लगाई गुहार

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल