1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ध्रुव जुरेल के शतक के जश्न में दिखा जय जवान, जय किसान टैटू, सामने आई दिल छू लेने वाली कहानी

ध्रुव जुरेल के शतक के जश्न में दिखा जय जवान, जय किसान टैटू, सामने आई दिल छू लेने वाली कहानी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 25, 2026 08:17 am IST,  Updated : Aug 25, 2026 08:18 am IST

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक जड़ने के बाद ध्रुव जुरेल ने अपनी बांह पर बने जय जवान, जय किसान टैटू के पीछे की भावुक कहानी बताई।

Dhruv Jurel- India TV Hindi
ध्रुव जुरेल Image Source : AFP

ध्रुव जुरेल के लिए श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में लगाया गया शतक सिर्फ एक आंकड़ा नहीं था। 115 रन की नाबाद पारी खेलने के बाद जब भारतीय विकेटकीपर ने अपनी बांह पर बना जय जवान, जय किसान का टैटू दिखाया और पिता को सलाम किया, तो उसके पीछे उनकी जिंदगी और परिवार से जुड़ी बेहद भावुक कहानी थी। जुरेल ने बताया कि उनका यह जश्न अपने सैनिक पिता और किसान दादा को समर्पित था।

जुरेल के पिता नेम चंद भारतीय सेना में रह चुके हैं और 1999 के कारगिल युद्ध में भी अपनी सेवाएं दी थीं। वहीं उनके दादा किसान थे। जुरेल ने कहा कि किसान और जवान ही उनकी जड़ हैं और वह कभी इन्हें भूलना नहीं चाहते। इसलिए शतक के बाद किया गया उनका सलाम पिता और दादा दोनों के नाम था।

दादा किसान और पिता सैनिक

जुरेल ने दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा कि उनके दादा किसान थे और पिता सैनिक। यही उनकी पहचान और उनकी जड़ें हैं, जिन्हें वह हमेशा याद रखना चाहते हैं। जय जवान, जय किसान का नारा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने 1965 में दिया था और जुरेल के लिए यह टैटू अपनी जड़ों की याद दिलाने वाला संदेश है।

श्रीलंका के खिलाफ जुरेल का शतक ऐसे समय आया है, जब टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठ रहे थे। उन्होंने 177 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए और भारत के 503/9 के स्कोर पर पारी घोषित करने में अहम भूमिका निभाई। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा शतक है।

पंत से सलाह लेना पसंद

आमतौर पर जुरेल को ऋषभ पंत के बैकअप विकेटकीपर के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में पंत के साथ बल्लेबाजी करने के अनुभव को लेकर भी उन्होंने खुलकर बात की। जुरेल ने कहा कि पंत ने भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन किया है और उनके पास काफी अनुभव है। इसलिए वह किसी भी परिस्थिति में बल्लेबाजी को लेकर पंत से सलाह लेना पसंद करते हैं। हालांकि, जुरेल पंत के अंदाज में बल्लेबाजी करने की कोशिश नहीं करते। उनका मानना है कि टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती ही अलग-अलग खिलाड़ियों के अलग-अलग खेलने के तरीकों में है। उन्होंने कहा कि वह गेंदबाजों को पढ़कर तय करते हैं कि किसे निशाना बनाना है और किस स्पेल को संभलकर खेलना है।

यह भी पढ़ें:

इंग्लैंड को लॉर्ड्स टेस्ट मैच से पहले लगा बड़ा झटका, ब्रायडन कार्स हुए बाहर

साई सुदर्शन की वापसी पर संकट? पडिक्कल के शतकों के बाद आकाश चोपड़ा ने कही बड़ी बात

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल