1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय गेंदबाजों के पास होगा बड़ा मौका, मैनचेस्टर में खत्म कर सकते हैं 43 साल का सूखा

भारतीय गेंदबाजों के पास होगा बड़ा मौका, मैनचेस्टर में खत्म कर सकते हैं 43 साल का सूखा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 16, 2025 06:46 pm IST,  Updated : Jul 16, 2025 06:46 pm IST

टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर के मैदान पर खेलेगी। इस मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उन्हें एक भी मैच में जीत नसीब नहीं हुई है।

Jasprit Bumrah & Mohammed Siraj- India TV Hindi
जसप्रीत बुमराह & मोहम्मद सिराज Image Source : GETTY

23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के खिलाड़ियों की असली परीक्षा होगी। इस मैदान पर भारतीय टीम अभी तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाई है। चाहे वह भारतीय बल्लेबाज हों या गेंदबाज, दोनों का प्रदर्शन इस मैदान पर उतना अच्छा नहीं रहा है। लेकिन आगामी मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों के पास मैनचेस्टर के मैदान पर 43 साल के सूखे को खत्म करने का मौका होगा।

मैनचेस्टर में सिर्फ 4 भारतीय गेंदबाज ले पाए हैं पांच विकेट हॉल

दरअसल मैनचेस्टर के मैदान पर अब तक सिर्फ चार भारतीय गेंदबाज पांच विकेट हॉल लेने में कामयाब हो पाए हैं। इन चार गेंदबाजों में लाला अमरनाथ, दिलीप दोशी, वीनू मांकड़ और सुरेंद्रनाथ का नाम शामिल है। भारत की तरफ से इस मैदान पर आखिरी पांच विकेट हॉल 1982 में दिलीप दोशी ने लिया था उनके बाद से कोई भी भारतीय गेंदबाज टेस्ट फॉर्मेट में यहां पर पांच विकेट हॉल लेने में कामयाब नहीं हो पाए हैं। ऐसे में अगर आगामी टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप या कोई भी गेंदबाज पांच विकेट हॉल लेने में कामयाब रहते हैं तो वह 1982 के बाद इस मैदान पर पांच विकेट हॉल लेने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे।

बुमराह और सिराज ने इस सीरीज में किया है कमाल का प्रदर्शन

इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अभी तक जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस सीरीज में अब तक सिर्फ दो मैच खेले हैं और वहां वह 12 विकेट ले चुके हैं। वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से वह बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। वहीं मोहम्मद सिराज की बात करें तो उन्होंने अभी तक तीनों मैच खेला है और वहां उनके नाम 13 विकेट दर्ज हैं। बर्मिंघम टेस्ट मैच में उन्होंने 7 विकेट लेकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं आकाशदीप ने भी दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 4 विकेट हॉल लिया था।

मैनचेस्टर टेस्ट से बाहर हो सकते हैं बुमराह

बुमराह मैनचेस्टर टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से हो सकता है कि उन्हें चौथे टेस्ट मैच से आराम दिया जाए। लेकिन अगर उन्हें इस टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिलता है तो वह टीम इंडिया को मैनचेस्टर में एक ऐतिहासिक जीत दिलाना चाहेंगे।

यह भी पढ़ें

आखिर इस खिलाड़ी के साथ ही क्यों हो रहा है ऐसा, ऐसे बैठे रहने से क्या ही फायदा

लॉर्ड्स स्टेडियम के बाहर हुई जितेश शर्मा की फजीहत, इस खिलाड़ी की वजह से मिली एंट्री, देखें VIDEO

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल