न्यूजीलैंड की टीम इन दिनों तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर है। 4 जून से दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मैच के लिए इंग्लैंड ने अपनी 12 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। पहले टेस्ट मैच में 26 साल के एमिलियो गे इंग्लैंड के लिए डेब्यू करेंगे। इसके साथ ही तेज गेंदबाज सोनी बेकर को भी उस मैच में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। वहीं दूसरी तरफ दो साल से अधिक समय के बाद तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन अपना पहला टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं।
ये तीन खिलाड़ी हुए पहले टेस्ट मैच से बाहर
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने पिछले महीने इस सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था। पहले टेस्ट मैच के लिए तीन खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। इन बाहर होने वाले खिलाड़ियों में जेम्स रीयू शामिल हैं, जो इस मैच से अपना डेब्यू करने वाले थे, साथ ही लेग स्पिनर रेहान अहमद और तेज गेंदबाज मैट फिशर को भी बाहर रखा गया है। प्लेइंग XI का ऐलान टेस्ट मैच की सुबह किया जाएगा।
प्लेइंग XI के सेलेक्शन को लेकर ब्रैंडन मैकुलम ने दिया बड़ा बयान
टीम के मेन कोच ब्रेंडन मैकुलम के मुताबिक, अगले हफ्ते मौसम खराब रहने की उम्मीद है। इसी वजह से आखिरी खिलाड़ी को चुनने के लिए दो अलग स्टाइल के तेज गेंदबाजों, गस एटकिंसन और सोनी बेकर के बीच टक्कर होगी। इन दोनों में से किसी एक को ही टीम में मौका मिलेगा। हेड कोच का कहना है कि वे हालात के हिसाब से फैसला लेंगे। अगर धूप तेज होती है और पिच से गेंदबाजों को मदद नहीं मिलती, तो वे ज्यादा रफ्तार वाले गेंदबाज को मौका दे सकते हैं। वहीं अगर आसमान में बादल छाए रहते हैं और मौसम से मदद मिलती है, तो वे पिच पर गेंद को स्विंग या सीम कराने वाले बॉलर को मौका देंगे।
कोच ने की शोएब बशीर की तारीफ
इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर को एशेज सीरीज में मौका नहीं मिला था, लेकिन अब लॉर्ड्स टेस्ट के अंतिम 11 खिलाड़ियों में उनकी वापसी लगभग तय है। इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैकुलम का मानना है कि बशीर मैच के शुरुआती दिनों में रन रोकने का काम बखूबी कर सकते हैं। इसके बाद जैसे-जैसे पिच पुरानी होगी और स्पिनरों को मदद मिलने लगेगी, वह आक्रामक गेंदबाजी करके विकेट चटकाने की कोशिश करेंगे।
लॉर्ड्स टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की 12 सदस्यीय टीम:
बेन स्टोक्स (कप्तान), गस एटकिंसन, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग
यह भी पढ़ें
IND vs AFG: BCCI का बड़ा फैसला, 10 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी को बनाया स्पिन बॉलिंग कोच
सूर्यकुमार यादव का हुआ बुरा हाल, आईपीएल के बाद अब लोकल टूर्नामेंट में भी नहीं बन रहे हैं रन