1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लॉर्ड्स टेस्ट में पहले दिन का खेल हुआ खत्म, इंग्लैंड की टीम भारत से अभी 264 रन पीछे

लॉर्ड्स टेस्ट में पहले दिन का खेल हुआ खत्म, इंग्लैंड की टीम भारत से अभी 264 रन पीछे

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 10, 2026 03:12 pm IST,  Updated : Jul 10, 2026 11:12 pm IST

भारतीय महिला टीम और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच एकमात्र टेस्ट मैच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया पहली पारी में 285 रनों पर पर सिमट गई।

IND W vs ENG W- India TV Hindi
भारत महिला बनाम इंग्लैंड महिला Image Source : AFP

भारतीय महिला टीम 10 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच लॉर्ड्स में खेल रही है। 'क्रिकेट का घर' कहे जाने वाले लॉडर्स पर 142 साल में पहली बार सफेद जर्सी में वुमेंस क्रिकेट टीम टेस्ट मैच खेलने उतरी है। इस मैच में इंग्लैंड महिला टीम की कप्तान नैट सीवर ब्रंट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम पहली पारी में 285 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा 83 रन बनाए। वहीं हरमनप्रीत कौर ने 58 और दीप्ति शर्मा ने 57 रनों की पारी खेली। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड की टीम एक विकेट के नुकसान पर 21 रन बना चुकी थी। इंग्लैंड अभी भी भारत से 264 रन पीछे है। इंग्लैंड के लिए इस मुकाबले में दो खिलाड़ी एलिस कैप्सी और मैडी विलियर्स डेब्यू कर रही हैं। वहीं टीम इंडिया की तरफ से श्री चरनी को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला है, वहीं यास्तिका भाटिया की टीम में वापसी हुई है।

एकमात्र टेस्ट मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत महिला टीम: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, सयाली सतघरे, स्नेह राणा, एन श्री चरणी, क्रांति गौड़

इंग्लैंड महिला टीम: टैमी ब्यूमोंट, माया बाउचियर, हीथर नाइट, नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), ऐलिस कैप्सी, एमी जोन्स (विकेटकीपर), मैडी विलियर्स, सोफी एक्लेस्टोन, इजी वोंग, लॉरेन बेल, लॉरेन फाइलर

भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 15 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें से 11 मैच ड्रॉ रहे हैं। इसके अलावा तीन मुकाबले भारत ने जीते हैं और इंग्लैंड को सिर्फ एक में जीत नसीब हुई है। भारत की तरफ से इस मैच में एक प्लेयर ने डेब्यू किया है। दूसरी ओर महिला टी20 विश्व कप उपविजेता इंग्लैंड टीम में पांच नए खिलाड़ी हैं जिनमें एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन कोलमैन, मैडी विलियर्स, ग्रेस पोट्स और एली टी शामिल हैं। सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने इस टेस्ट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है।

दिसंबर 2023 में दोनों टीमों के बीच पिछला टेस्ट मैच खेला गया था, जिसे भारत ने 347 रनों के बड़े अंतर से जीता था। वहीं साल 2021 में इंग्लैंड की धरती पर खेला गया मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था। भारतीय महिला टीम का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ बहुत शानदार रहा है। साल 1995 के बाद से भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है। इतना ही नहीं, पिछले चार मैचों में से भारत ने तीन में जीत दर्ज की है। इंग्लैंड में भारत ने अब तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं और अच्छी बात यह है कि वहां टीम इंडिया को कभी हार का सामना नहीं करना पड़ा; इनमें से 2 मैचों में भारत को जीत मिली और 7 मैच ड्रॉ रहे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल