पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज फखर जमां एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि एक शानदार कैच और उससे जुड़ी नई बहस है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कैच ने सिलेक्शन कमेटी के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं खुद फखर ने भी अब अपनी फिटनेस को लेकर चुप्पी तोड़ दी है। हाल ही में पाकिस्तान के सिलेक्टर आकिब जावेद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा दावा करते हुए कहा था कि बाबर आजम और फखर जमां T20 वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिलेक्शन कमेटी को इस बात की जानकारी नहीं थी और इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए, लेकिन 17 मार्च को नेशनल T20 कप में फखर जमां ने जिस तरह का शानदार डाइविंग कैच लिया, उसने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए।
फखर ने लपका हैरतअंगेज कैच
एबटाबाद रीजन की ओर से खेलते हुए उन्होंने लाहौर रीजन व्हाइट्स के खिलाफ सेमीफाइनल में मिड-ऑन पर बेहतरीन कैच लपका। इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद कई फैंस ने सिलेक्टर्स के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि फखर पूरी तरह फिट हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस बहस के बीच फखर जमां ने खुद सामने आकर स्थिति साफ की। उन्होंने एक ट्वीट का जवाब देते हुए माना कि वह पूरी तरह फिट नहीं थे। फखर ने लिखा कि वह 50 ओवर के मैच खेलने के लिए 100% फिट नहीं थे। इस मामले में आकिब जावेद सही थे। वह 15 मार्च को फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही ये मैच खेल रहे हैं
PSL 2026 पर टिकी निगाहें
अब फिटनेस क्लियर होने के बाद फखर जमां की नजरें अगले बड़े टूर्नामेंट पर हैं। वह 26 मार्च से शुरू होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग यानी PSL 2026 में भी खेलते नजर आएंगे। उससे पहले 18 मार्च को वह पेशावर के इमरान खान क्रिकेट स्टेडियम में कराची रीजन व्हाइट्स के खिलाफ नेशनल T20 कप के फाइनल में उतरेंगे। फखर को सेमीफाइनल में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन फाइनल में फखर जमां बड़ी पारी खेलकर अपनी टीम को खिताब दिलाने की कोशिश करेंगे।
यह भी पढ़ें
ICC ODI Rankings: पाकिस्तानी बल्लेबाज ने लगा दी लंबी छलांग, आईसीसी की वनडे रैंकिंग में उठापटक
BCCI को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में 2 करोड़ रुपये के लिए करना पड़ सकता है बदलाव, जसप्रीत बुमराह हैं कारण