न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन आईपीएल 2023 में फील्डिंग करते हुए बुरी तरह चोटिल हो गए थे। जिसके चलते ये खिलाड़ी अप्रैल के बाद से क्रिकेट से दूर है। लेकिन उम्मीद की जा रही है कि विलियमसन 2023 वनडे वर्ल्ड कप से पहले फिट हो जाएंगे। ये खिलाड़ी लगातार अपनी फिटनेस पर काम कर रहा है। इसी बीच विलियमसन को लेकर न्यूजीलैंड के कोच ने एक बड़ा बयान दिया है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने केन विलियमसन की फिटनेस और रिकवरी को लेकर पर बड़ा अपडेट दिया है और कहा है कि वह चिकित्सा सलाह के बाद ही केन विलियम्सन के विश्व कप के लिए भारत जाने पर फैसला करेंगे। आईपीएल के 16वें सीजन में 31 मार्च को अहमदाबाद में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस के लिए खेलते समय विलियमसन चोटिल हो गए थे। तब से लेकर अब तक न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कोई क्रिकेट नहीं खेला है। अप्रैल में उनकी सर्जरी हुई थी और हाल ही में उन्होंने नेट्स पर ट्रेनिंग और बल्लेबाजी शुरू की है।
विलियमसन को इंग्लैंड में 8 सितंबर से शुरू होने वाली चार मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की 15-खिलाड़ियों की टीम में नामित नहीं किया गया है। लेकिन वह इंग्लैंड की यात्रा करेंगे और अपने रिहैब को जारी रखते हुए टीम के साथ ट्रेनिंग लेंगे। विश्व कप के लिए अभी समय है, फिलहाल वो अपनी फिटनेस को लेकर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कोच ने आगे कहा, केन अपनी फिटनेस प्रक्रिया पर बहुत काम कर रहा है और हम उसके साथ वास्तव में स्पष्ट और सावधान रहे हैं कि हम बहुत आगे के बारे में न सोचें, क्योंकि एसीएल इंजरी से जल्दी रिकवर करना आसान नहीं होता। विलियमसन वर्तमान में 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले विश्व कप के लिए समय पर ठीक होने की दौड़ में हैं।
विलियमसन 2019 विश्व कप में 82.57 की औसत से 578 रन के साथ अपनी टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे, जिसमें दो शतक और इतनी ही हाफ सेंचुरी शामिल थीं। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
संपादक की पसंद