1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया की कप्तान ने हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, वर्ल्ड कप से पहले किया बड़ा कारनामा

टीम इंडिया की कप्तान ने हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, वर्ल्ड कप से पहले किया बड़ा कारनामा

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 23, 2026 05:04 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 05:04 pm IST

IND vs SA: भारतीय महिला टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका के दौरे पर है जहां वह 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए पहुंची है। इस सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत बल्ले से एक बड़ा कमाल करने में कामयाब रही।

Harmanpreet Kaur- India TV Hindi
हरमनप्रीत कौर Image Source : X/BCCI WOMEN

भारतीय महिला टीम जो अभी 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, उनके लिए इस सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबले किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुए हैं, जिसमें तीनों ही मैचों में टीम इंडिया को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर जिनके बल्ले से जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले गए तीसरे मैच में 66 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली वह एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने में कामयाब रही। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 192 रनों का स्कोर बनाया था, जिसे अफ्रीकी टीम ने सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर 16.3 ओवर्स में हासिल कर लिया।

हरमनप्रीत कौर बनी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला कप्तान

महिला टी20 इंटरनेशनल में अब तक भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी के तौर पर नंबर-1 की कुर्सी पर काबिज हो गई हैं। पहले इस पोजीशन पर श्रीलंकाई महिला टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू काबिज थी, जिनको अब हरमनप्रीत कौर ने पीछे छोड़ दिया है। हरमनप्रीत कौर ने अब तक महिला टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान 138 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्हें 125 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है और इसमें उन्होंने 32.79 के औसत से कुल 3017 रन बनाए हैं। इस दौरान हरमनप्रीत कौर के बल्ले से एक शतकीय और 14 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। वहीं इस लिस्ट में अब दूसरे नंबर काबिज श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू के नाम पर 3016 रन दर्ज हैं। महिला टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान 3000 या उससे अधिक रन बनाने वाली हरमनप्रीत कौर अब तक की सिर्फ दूसरी खिलाड़ी बनी हैं।

महिला टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी

  • हरमनप्रीत कौर (भारत) - 3017 रन
  • चमारी अटापट्टू (श्रीलंका) - 3016 रन
  • मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 2619 रन
  • चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) - 2529 रन
  • सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 2236 रन

टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप से पहले बजी खतरे की घंटी

इस बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन इंग्लैंड में किया जा रहा है, जिसमें टूर्नामेंट का आगाज 12 जून से होगा। ऐसे में टीम इंडिया के पास अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए अधिक समय नहीं बचा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में जिस तरह से अब तक हुए तीनों मुकाबलों में गेंदबाजों का प्रदर्शन देखने को मिला है उसके बाद टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है।

ये भी पढ़ें

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका की टीमों ने मिलकर बना दिया रिकॉर्ड, अब सूपड़ा साफ होने का खतरा

CSK ने आयुष म्हात्रे के रिप्लेसमेंट का किया ऐलान, मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके खिलाड़ी को बनाया हिस्सा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल