इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में पांच बार की विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग्स अपने चोटिल खिलाड़ियों के चलते अब तक काफी जूझती हुई नजर आई है। इसी में एक नाम युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे का भी शामिल है, जिन्होंने शुरुआती मुकाबलों में काफी अच्छा फॉर्म दिखाया था, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 18 अप्रैल को खेले गए मैच में हैमस्ट्रिंग इंजरी होने की वजह से वह अब इस पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। सीएसके ने आयुष म्हात्रे के बाहर होने के बाद अब उनकी जगह रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का ऐलान किया है, जिसमें उन्होंने 32 साल गेंदबाज आकाश मधवाल को सीजन के बाकी बचे मैचों के लिए अपने साथ जोड़ा है।
आकाश मधवाल मुंबई इंडियंस का भी रह चुके हैं हिस्सा
उत्तराखंड से आने वाले 32 साल के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल को लेकर बात की जाए तो वह आईपीएल में इससे पहले मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं। आकाश ने साल 2023 सीजन में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए आईपीएल में डेब्यू किया था, इसके बाद साल 2024 में भी उन्होंने इसी फ्रेंचाइजी की तरफ से खेला था। आकाश पिछले आईपीएल सीजन राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड का हिस्सा थे। हालांकि इस सीजन को लेकर राजस्थान फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था तो वहीं प्लेयर ऑक्शन में भी किसी फ्रेंचाइजी ने उनको अपना हिस्सा नहीं बनाया था। अब वह आयुष म्हात्रे के चोटिल होने के बाद सीएसके का हिस्सा बने हैं, जिसमें उनको फ्रेंचाइजी ने 30 लाख रुपये बेस प्राइस में चुना है।
अब तक ऐसा रहा है आकाश मधवाल का प्रदर्शन
आईपीएल में अब तक आकाश मधवाल ने तीन सीजन में खेलते हुए कुल 17 मैच खेले हैं, जिसमें उनके प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो वह 25.65 के औसत से 23 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे हैं। आकाश मधवाल के इकॉनमी रेट को लेकर बात की जाए तो वह 10.06 का रहा है। वहीं उनका आईपीएल एक मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 रन देकर 5 विकेट है जो उन्होंने साल 2023 में लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के खिलाफ मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में हासिल किए थे।
ये भी पढ़ें
दिल्ली कैपिटल्स के लिए आई खुशखबरी, कब से आईपीएल खेलेंगे मिचेल स्टार्क