भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए में अपना तीसरा मुकाबला साउथ अफ्रीका की टीम के खिलाफ मैनचेस्टर के स्टेडियम में खेल रही है। इस मुकाबले में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर जब टॉस के लिए मैदान पर उतरी तो उनके नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई। हरमनप्रीत कौर अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में पहली ऐसी महिला और पुरुष खिलाड़ी बन गई हैं जो 200 मुकाबले खेलने में कामयाब हो सकी हैं। इस अहम मुकाबले में टीम इंडिया की कप्तान ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है।
200 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने वाली पहली खिलाड़ी बनी हरमनप्रीत
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड अभी तक काफी शानदार देखने को मिला है, जिसके दम पर वह लगातार इस फॉर्मेट में टीम इंडिया की अहम खिलाड़ी बनी हुई हैं। वहीं हरमनप्रीत कौर जो अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 10वां वर्ल्ड कप खेल रही हैं, वह जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में टॉस के लिए मैदान पर उतरी तो ये उनके करियर का 200वां मुकाबला था। इससे पहले महिला और पुरुष दोनों में कोई भी खिलाड़ी 200 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने में कामयाब नहीं हो सका था। हरमनप्रीत कौर के बाद सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने के मामले में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड महिला टीम की खिलाड़ी सूजी बेट्स का नाम है जिन्होंने 184 मैच खेले हैं। वहीं पुरुष टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मुकाबले आयरलैंड टीम के खिलाड़ी पॉल स्टर्लिंग ने खेले हैं।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी (महिला और पुरुष)
- हरमनप्रीत कौर (भारत) - 200 टी20 इंटरनेशनल मैच
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 184 टी20 इंटरनेशनल मैच
- पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड) - 163 टी20 इंटरनेशनल मैच
- रोहित शर्मा (भारत) - 159 टी20 इंटरनेशनल मैच
- जॉर्ज डॉकरेल (आयरलैंड) - 157 टी20 इंटरनेशनल मैच
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 मैचों में कप्तानी करने वाली हरमन बनी दूसरी खिलाड़ी
हरमनप्रीत कौर अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम जोड़ने में कामयाब हो गई हैं। हरमनप्रीत बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 मैचों में इस जिम्मेदारी को संभालने वाली अब तक की सिर्फ दूसरी खिलाड़ी हैं। वहीं इससे पहले ये उपलब्धि इंग्लैंड टीम की पूर्व खिलाड़ी चार्लोट एडवर्ड्स ने हासिल की थी, जिन्होंने इंग्लैंड महिला टीम की 200 से अधिक इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी संभाली थी।
ये भी पढ़ें
न्यूजीलैंड ने ओवल टेस्ट को किया 253 रनों से अपने नाम, WTC 2025-27 अंकतालिका की PCT में हुआ बदलाव
इंडिया वर्सेस आयरलैंड टी20 सीरीज के वेन्यू में नहीं होगा बदलाव, क्रिकेट आयरलैंड ने किया कंफर्म