टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के प्लेयर्स ने अभी तक जबरदस्त प्रदर्शन किया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए सुपर-8 के मैच को छोड़ दें तो उसके अलावा अभी तक खेले गए मुकाबले टीम इंडिया ने जीते हैं। भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में अभी तक कुल 7 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें छह में जीत मिली है और एक में हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम ने सुपर-8 चरण के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। हम आपको बतांएगे कि टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अब तक टीम इंडिया का प्रदर्शन कैसा रहा है। आपको बता दें कि टीम इंडिया छठी बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत 5 मार्च को इंग्लैंड के साथ होगी। टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप में तीसरी बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगी।
2007 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को दी थी मात
भारतीय टीम ने साल 2007 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के पहले ही संस्करण में सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इस मुकाबले में युवराज सिंह ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 70 रनों की दमदार पारी खेली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 188 रन लगाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम सात विकेट गंवाकर 173 रन ही बना सकी थी और कंगारू टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
2014 टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने साउथ अफ्रीका को दी थी पटखनी
2007 के बाद टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में अगला सेमीफाइनल 7 साल के बाद खेला था। टी20 वर्ल्ड कप 2014 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना साउथ अफ्रीका से हुआ था। उस मुकाबले में अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए थे। हालांकि टीम इंडिया ने 173 रनों के लक्ष्य को सिर्फ चार विकेट के नुकसान पर 19.1 ओवर में हासिल कर लिया था। उस मैच में विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 72 रनों की शानदार मैच विनिंग पारी खेली थी।
2016 में वेस्टइंडीज ने भारत को दी थी मात
इसके बाद टीम इंडिया ने अगले टी20 वर्ल्ड कप जो 2016 में खेला गया था, वहां भी टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही थी। साल 2016 में घरेलू सरजमीं पर खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना वेस्टइंडीज से हुआ था। विराट कोहली की 89 और रोहित शर्मा की 43 रनों की दमदार पारी के बदौलत टीम इंडिया ने उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 192 रन बनाए थे। हालांकि, लेंडल सिमंस की नाबाद 82 रनों की पारी के दम पर कैरेबियाई टीम 193 रनों के लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही थी।
2022 में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को हराया था
साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही थी। उस सेमीफाइनल में भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। हार्दिक पांड्या की 33 गेंदों में खेली गई 63 रनों की दमदार पारी के बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 168 रन बोर्ड लगाए थे। इंग्लैंड ने जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर बिना कोई विकेट गंवाए 169 रनों के टारगेट को हासिल कर लिया था।
2024 में टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड से लिया था बदला
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में भी टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही थी। वहां भी भारत का सामना इंग्लैंड से ही हुआ था। उस सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को हराते हुए पिछले वर्ल्ड कप में मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली थी। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम महज 103 रन बनाकर सिमट गई थी। कुलदीप और अक्षर ने उस मैच में तीन-तीन विकेट निकाले थे।