एक समय वर्ल्ड क्रिकेट पर राज करने वाली वेस्टइंडीज क्रिकेट लंबे समय से आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है। अब उसकी वित्तीय स्थिति को संभालने के लिए ICC आगे आई है। ICC ने क्रिकेट वेस्टइंडीज को 12.82 अमेरिकी डॉलर लोन देने को मंजूरी दे दी है। यह फैसला एडिनबर्ग में आयोजित ICC की वार्षिक बैठक में लिया गया, जहां पुरुष ODI और T20 वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट को भी मंजूरी दी गई। ICC ने यह आर्थिक सहायता सदस्य देशों के लिए किए गए नए प्रशासनिक और वित्तीय सहायता संबंधी फैसलों के तहत स्वीकृत की है। माना जा रहा है कि यह मदद वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड को मौजूदा आर्थिक संकट से उबरने में अहम भूमिका निभाएगी।
लगातार घाटे में चल रहा है क्रिकेट वेस्टइंडीज
क्रिकेट वेस्टइंडीज पिछले कुछ सालों से वित्तीय दबाव का सामना कर रहा है। बोर्ड की 30 सितंबर 2025 तक की ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, उसे 28 मिलियन अमेरिकी डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ था। इससे एक साल पहले यानी 2024-25 में बोर्ड ने 24 मिलियन अमेरिकी डॉलर का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। बोर्ड ने 2026 के वित्तीय चक्र में भी करीब 26 मिलियन अमेरिकी डॉलर के घाटे का अनुमान जताया था। इसी कारण उसने अपनी वित्तीय रिपोर्ट में ICC से लोन और वाणिज्यिक बैंकों से कर्ज लेकर फंड की कमी पूरी करने की योजना का जिक्र किया था। अब ICC की मंजूरी के बाद यह योजना हकीकत में बदल गई है।
यह पहली बार नहीं है जब वेस्टइंडीज क्रिकेट को आर्थिक सहायता मिली हो। साल 2012 में ICC ने जिम्बाब्वे के साथ वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड को भी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई थी। इसके अलावा 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने क्रिकेट वेस्टइंडीज को 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर का लोन दिया था, जिसे बाद में पूरी तरह चुका दिया गया था।
ICC ने लिए कई और अहम फैसले
एडिनबर्ग में हुई बैठक के दौरान ICC ने कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए। मॉरीशस को ICC का 111वां सदस्य देश बनाया गया। इसके साथ अब ICC के कुल 12 पूर्ण सदस्य और 99 एसोसिएट सदस्य हो गए हैं। ICC ने क्रिकेट कनाडा की सदस्यता बहाल करने के लिए जरूरी शर्तों को भी मंजूरी दी है। इन शर्तों के पूरा होने के बाद क्रिकेट कनाडा पर लगा बैन हटाया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें:
ICC का बड़ा ऐलान, ODI वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट बदला, अब पहले ही मैच से बढ़ेगा रोमांच