1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की चारों टीमें तय, जानिए कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले

T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की चारों टीमें तय, जानिए कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 29, 2026 06:49 am IST,  Updated : Jun 29, 2026 06:49 am IST

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं। पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना वेस्टइंडीज से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगे।

ICC Womens T20 WC 2026- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका Image Source : AFP

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच गया है। ग्रुप स्टेज के मुकाबले खत्म होने के साथ ही सेमीफाइनल की चारों टीमों का फैसला हो चुका है। 6 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, मेजबान इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने अंतिम चार में जगह बनाई है। अब खिताब की जंग और भी दिलचस्प होने वाली है, जहां एक तरफ ऑस्ट्रेलिया की नजर सातवें खिताब पर होगी तो वहीं बाकी तीन टीमें इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

ऑस्ट्रेलिया की लगातार 5वीं जीत

28 जून को लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर ग्रुप ए में टॉप स्थान हासिल किया। कप्तान सोफी मोलिनक्स की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ग्रुप स्टेज के सभी पांच मुकाबले जीतते हुए 10 पॉइंट के साथ सेमीफाइनल का टिकट कटाया। वहीं, भारतीय टीम का बोरिया बिस्तर बंध गया। अब पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना 2016 की चैंपियन वेस्टइंडीज से होगा। वेस्टइंडीज ने ग्रुप बी में पांच मैचों में तीन जीत के साथ 6 पॉइंट हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम चार में जगह बनाई। दूसरी ओर, मेजबान इंग्लैंड ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप बी के सभी पांच मुकाबले अपने नाम किए और 10 पॉइंट के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इंग्लैंड की भिड़ंत दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका से होगी।

साउथ अफ्रीका ने तोड़ा टीम इंडिया का सपना

साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 65 रन की हार से की थी, लेकिन इसके बाद टीम ने दमदार वापसी करते हुए लगातार चार मैच जीते। पांच मुकाबलों में आठ पॉइंट के साथ अफ्रीकी टीम ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रही और भारत को पीछे छोड़ते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गई। वहीं, ऑस्ट्रेलिया से हारने के साथ ही भारतीय टीम का ग्रुप स्टेज में ही सफर समाप्त हो गया।

कब और कहां खेले जाएंगे सेमीफाइनल मुकाबले?

दोनों सेमीफाइनल मुकाबले लंदन के द ओवल मैदान पर खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल 30 जून यानी मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल 2 जुलाई यानी गुरुवार को इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 11:00 बजे होगी।

यह भी पढ़ें:

दीप्ति शर्मा ने ध्वस्त किया झूलन गोस्वामी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, बनीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज

हरमनप्रीत कौर का ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद टूटा दिल, अपनी टीम के खेलने के तरीके पर उठाए सवाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल