1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर सहायक कोच ने दिया अपडेट, कहा - हम फिर से ऐसी स्थिति से नहीं गुजरना चाहते

IND vs ENG: ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर सहायक कोच ने दिया अपडेट, कहा - हम फिर से ऐसी स्थिति से नहीं गुजरना चाहते

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 18, 2025 06:59 am IST,  Updated : Jul 18, 2025 08:15 am IST

IND vs ENG: टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ग्राउंड में खेलना है। इस मैच में ऋषभ पंत खेलेंगे या नहीं इस पर सभी फैंस की नजरें टिकी हुई हैं।

Rishabh Pant- India TV Hindi
ऋषभ पंत Image Source : INDIA TV

भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले में जो लॉर्ड्स के मैदान पर खेला गया उसमें 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पहले दिन के खेल में विकेटकीपिंग करने के दौरान अपनी उंगली को चोटिल कर बैठे थे, जिसके बाद वह सिर्फ बल्लेबाजी करने के लिए ही मैदान पर उतरे। ऐसे में 23 जुलाई से मैनचेस्टर के मैदान पर खेले जाने वाले इस टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में ऋषभ पंत खेलेंगे या नहीं इसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जिसपर अब टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे का बयान सामने आया है।

हम उस स्थिति से दुबारा नहीं गुजरना चाहते हैं

लॉर्ड्स टेस्ट मैच में जब ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरे थे तो उनके बल्ले से पहले पारी में जहां 74 रन देखने को मिले थे तो वहीं दूसरी पारी में वह 9 रन बनाने में कामयाब हुए थे। पंत इस दौरान अपनी उंगली की चोट के लिए कई बार काफी दर्द में दिखाई दिए जिसमें उन्हें शॉट भी खेलने में परेशानी हो रही थी। अब उनके मैनचेस्टर टेस्ट मैच में खेलने को लेकर टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि तीसरे टेस्ट में पंत ने काफी दर्द के साथ बल्लेबाजी की और हम उस स्थिति से दोबारा नहीं गुजरना चाहते हैं, जिसमें हमें मैच के बीच में विकेटकीपर को बदलने पर मजबूर होना पड़े। आज के प्रैक्टिस सेशन में उन्होंने हिस्सा नहीं लिया और आराम किया। हम बस उन्हें जितना हो सके उतना आराम देने की कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह मैनचेस्टर टेस्ट में खेलने के लिए तैयार हों, जिसमें सबसे आखिर में हम उन्हें विकेटकीपिंग के लिए परखेंगे।

अभी तक सीरीज में जमकर बोला है ऋषभ पंत का बल्ला

इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट मैच में यदि ऋषभ पंत प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होते हैं तो ये टीम इंडिया के लिए काफी बड़ा झटका होगा क्योंकि उनका बल्ला तीनों ही मुकाबलों में बोलते हुए दिखाई दिया है। पंत अभी इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कप्तान शुभमन गिल के बाद दूसरे नंबर पर हैं, जिसमें उन्होंने 6 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 70.83 के औसत से कुल 425 रन बनाए हैं और इसमें 2 शतकीय पारियों के साथ दो अर्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं। ऐसे में मैनचेस्टर टेस्ट में पंत को टीम इंडिया एक बल्लेबाज के तौर पर भी उनकी फिटनेस के आधार पर खिलाने का फैसला ले सकती है।

ये भी पढ़ें

पाकिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान, इतने प्लेयर्स को मिली जगह

IND vs ENG: टेस्ट सीरीज के बीच में भारतीय टीम के लिए आई बुरी खबर, घातक गेंदबाज हुआ चोटिल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल