Sachin Tendulkar on Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही में खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। इस सीरीज में 2 मैच भारतीय टीम ने जीते वहीं दो मैच इंग्लैंड ने अपने नाम किया। वहीं मैनचेस्टर में खेला गया टेस्ट सीरीज का चौथा मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था। टीम इंडिया की दोनों जीत की सबसे खास बात ये रही कि उन दोनों मैच में जसप्रीत बुमराह प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं थे। ऐसे में सीरीज खत्म होने के बाद कुछ फैंस बुमराह को इसी बात को लेकर ट्रोल करने लगे। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर जसप्रीत बुमराह के सपोर्ट में सामने आए हैं।
जसप्रीत बुमराह के सपोर्ट में सामने आए सचिन तेंदुलकर
सचिन ने जसप्रीत बुमराह को ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह का मैच में नहीं खेलना और उन मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत मिलना यह बस एक संयोग है और कुछ नहीं। सचिन तेंदुलकर ने रेडिट पर एक वीडियो में कहा कि मुझे पता है कि लोग कई तरह की बातें कर रहे हैं। बुमराह जो टेस्ट नहीं खेले, वो हम जीते। सच कहूं तो मेरे लिए ये महज एक इत्तेफाक है और कुछ भी नहीं। इसके साथ ही तेंदुलकर ने बुमराह को एक बेहतरीन गेंदबाज बताया।
इंग्लैंड सीरीज में जसप्रीत बुमराह ने चटकाए 14 विकेट
आपको बता दें कि जसप्रीत बुमराह इस सीरीज में सिर्फ तीन मैच खेल पाए। बुमराह ने तीन मैचों में 14 विकेट अपने नाम किए और इस दौरान उन्होंने दो बार एक पारी में पांच विकेट हॉल भी लिया। सचिन ने इन तीन मैचों में बुमराह के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बुमराह ने वास्तव में अच्छी शुरुआत की, पहले टेस्ट में पांच विकेट लिए। वह दूसरे टेस्ट में नहीं खेले, लेकिन लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट में खेले और वहां अच्छी गेंदबाजी की। चौथे टेस्ट में उन्होंने फिर से पांच विकेट चटकाए। इसलिए इस वक्त दुनिया में उनके जैसा गेंदबाज कोई नहीं है।
बुमराह किसी भी अन्य खिलाड़ी से बेहतर- सचिन तेंदुलकर
इसी दौरान तेंदुलकर ने बुमराह को सबसे कंसिस्टेंट प्लेयर भी बताया। उन्होंने वीडियो में कहा कि बुमराह का प्रदर्शन शानदार रहा है। अब तक उन्होंने जो कुछ किया है, वह अविश्वसनीय है। मेरे हिसाब से, वह बिना किसी शक के इस वक्त के सबसे कंसिस्टेंट प्लेयर हैं, मैं उन्हें किसी भी अन्य खिलाड़ी से बेहतर मानता हूं।
यह भी पढ़ें
आईसीसी रैंकिंग में फिर से उठापटक, यशस्वी जायसवाल ने मारी लंबी छलांग, शुभमन गिल को भयंकर नुकसान
बैजबॉल: भारत के अलावा केवल एक ही टीम करा पाई है इंग्लैंड में सीरीज बराबर