IND vs ENG Pitch Report: T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भिड़ेंगे। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन कर रही है। सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से हार के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब टीम इंडिया जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से इंग्लैंड का सामना करेगी।
दूसरी तरफ, इग्लैंड ने सुपर-8 में सभी मैच जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया। अब इंग्लैंड की कोशिश भारतीय टीम को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाने की होगी। हालांकि, टीम इंडिया को वानखेड़े में हराना इंग्लिश टीम के लिए आसान नहीं होगा। ऐसे में दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
वानखेड़े की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। दोनों ही टीमों की सलामी जोड़ी बहुत ही आक्रामक है। इस मैदान पर जिस टीम के ओपनिंग बल्लेबाज मजबूत शुरुआत करेंगे, उसी टीम के जीत की संभावना अधिक रहेगी। शुरुआती ओवरों में पेसर्स को अतिरिक्त उछाल का फायदा मिल सकता है। घास और लाल मिट्टी की वजह से गेंदबाज शुरुआती बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। पावरप्ले में तेज गेंदबाजों की गति और मूवमेंट से ओपनर्स जूझते नजर आ सकते हैं।
जैसे-जैसे मैच मिडल ओवर में पहुंचेगा, पिच थोड़ी सेट हो सकती है। पिच थोड़ी रफ होने पर स्पिनर्स को थोड़ा फायदा मिल सकता है। इस कंडीशन में फिरकी गेंदबाजों के पास गेंद को स्पिन कराने का बढ़िया मौका होगा। इसके बावजूद, वानखेड़े की पिच मूल रूप से बल्लेबाजों के मुफीद है। यहां 200 से ज्यादा रन का स्कोर पूरी तरह संभव है। मैच के अंत में ओस का असर दिखाई दे सकता है, जो गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों और मिडल ओवर में स्पिनरों की अहम भूमिका होगी, लेकिन कुल मिलाकर यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग और रोमांचक होने की पूरी संभावना है।
IND vs ENG हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
गौरतलब है कि T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और इंग्लैंड के बीच यह तीसरा सेमीफाइनल मुकाबला है। 2022 के वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने बाजी मारी थी, जबकि 2024 में टीम इंडिया को जीत मिली थी। दिलचस्प बात यह है कि पिछले दोनों मौकों पर सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने आखिरकार टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम किया। बता दें, भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 T20I मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम को 17 बार और इंग्लैंड को 12 बार जीत मिली है।
यह भी पढ़ें:
IND vs ENG: सेमीफाइनल से पहले वरुण और अभिषेक की फॉर्म पर उठे सवाल, तो कोच ने दिया बेबाक जवाब
IND vs ENG: क्या बारिश बिगाड़ेगी भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल का रोमांच? जानिए मुंबई में कैसा रहेगा मौसम