आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में सुपर सिक्स स्टेज का आखिरी मुकाबला एक फरवरी को बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अभी दोनों ही टीमें रेस में बनी हुई हैं, जिसमें भारतीय टीम का पलड़ा थोड़ा भारी दिख रहा है। भारत के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले पाकिस्तानी टीम को एक बड़ा झटका विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शयान के रूप में लगा है, जो वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। मोहम्मद शयान एक सिनेरियो-बेस्ड प्रैक्टिस मैच के दौरान तेज गेंदबाज की गेंद विकेटकीपिंग करते समय अपनी नाक को चोटिल कर बैठे थे। अब पीसीबी ने आईसीसी टेक्निकल कमेटी से मंजूरी मिलने के बाद उनकी जगह पर रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का ऐलान कर दिया है।
अब्दुल कादिर बने भारत के खिलाफ मैच से पहले स्क्वाड का हिस्सा
पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड कप स्क्वाड का ऐलान करने के साथ 5 ट्रेवलिंग रिजर्व खिलाड़ियों की भी घोषणा की थी, जिसमें एक नाम स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी अब्दुल कादिर का भी शामिल था। भारत के खिलाफ मैच से पहले अब पाकिस्तान ने मोहम्मद शयान की जगह अब्दुल कादिर को शामिल कर लिया है। ICC ने 31 जनवरी को एक बयान जारी करते हुए बताया कि इवेंट टेक्निकल कमेटी ने पाकिस्तान टीम में मोहम्मद शयान की जगह अब्दुल कादिर को मंजूरी दे दी है। दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला काफी अहम है, जिसमें सेमीफाइनल की कौन सी चौथी टीम होगी उसका फैसला हो जाएगा। अभी तक इंग्लैंड, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर चुकी है।
टीम इंडिया को सिर्फ दर्ज करनी है बड़ी जीत
भारतीय टीम का अभी तक अंडर-19 वर्ल्ड कप में अजेय अभियान देखने को मिला है, जिसमें उसे सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में जीत दर्ज करनी है और सेमीफाइनल में उनकी जगह पक्की हो जाएगी। वहीं पाकिस्तान के लिए इस मैच में सिर्फ जीत हासिल ही नहीं करनी बल्कि बड़े अंतर से मुकाबला जीतना होगा, क्योंकि उनका नेट रनरेट भारत के मुकाबले उतना बेहतर नहीं है। ऐसे में पाकिस्तानी टीम के लिए स्थिति करो या मरो वाली है।
ये भी पढ़ें