1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: जोहान्सबर्ग टेस्ट में आत्मविश्वास में कमी नहीं आएगी- प्रोटीज कप्तान डीन एल्गर

IND vs SA: जोहान्सबर्ग टेस्ट में आत्मविश्वास में कमी नहीं आएगी- प्रोटीज कप्तान डीन एल्गर

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 30, 2021 08:26 pm IST,  Updated : Dec 30, 2021 08:26 pm IST

एल्गर ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि जोहानिसबर्ग में जाने से किसी तरह से हमारा आत्मविश्वास कम होने वाला है। एक मैच हारना कभी अच्छा नहीं होता, खासकर जब हम जानते हैं कि हमने कहां गलती की है।"

IND vs SA: dean elgar says Won't lack in confidence going...- India TV Hindi
IND vs SA: dean elgar says Won't lack in confidence going into Johannesburg Test Image Source : GETTY

बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण दक्षिण अफ्रीका को उसके गढ़ में भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में शिकस्त झेलनी पड़ी लेकिन कप्तान डीन एल्गर ने कहा कि उनकी टीम जोहानिसबर्ग में खेले जाने वाले दूसरे मैच में मैदान में उतरेगी तो उसका आत्मविश्वास कम नहीं होगा। मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज सहित भारतीय तेज आक्रमण ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जिससे दक्षिण अफ्रीका की टीम दोनों पारियों में 197 और 191 रन पर आउट हो गयी।

भारत ने पहला टेस्ट 113 रन से अपने नाम किया। मैच के बाद एल्गर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मुझे नहीं लगता कि जोहानिसबर्ग में जाने से किसी तरह से हमारा आत्मविश्वास कम होने वाला है। एक मैच हारना कभी अच्छा नहीं होता, खासकर जब हम जानते हैं कि हमने कहां गलती की है। मैच के दौरान उन गलतियों को सुधारना मुश्किल है। उम्मीद है कि वांडरर्स (जोहानिसबर्ग) में दूसरे टेस्ट के लिए पहुंचने तक हमारे पास कुछ समय होगा। हमारे पास अपने प्रदर्शन की समीक्षा का समय होगा।"

दक्षिण अफ्रीका के लिए यह पिछले छह महीने में पहला टेस्ट मैच  है। टीम ने एल्गर की कप्तानी में अभी तक सिर्फ छह मैच खेले है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने चार टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका जाने से मना कर दिया था। एल्गर ने टीम की नियमित कप्तानी मिलने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 2-0 से जीत दर्ज की थी लेकिन भारत के हाथों पहले टेस्ट में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

एल्गर ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि इससे (हार) हमारा आत्मविश्वास डगमगायगा। पिछले छह महीनों में हमने अपेक्षाकृत अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए हमें उस तरह की अच्छी ऊर्जा का उपयोग करना है जो हमारे पास है। हां, हम निश्चित रूप से एक समूह के रूप में अपने खेल की समीक्षा करेंगे। हम निश्चित रूप से वापसी करेंगे। यह वही है जो मैं उम्मीद कर रहा हूं।"

भारतीय टीम ने मैच के पहले दिन तीन विकेट पर 270 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी। राहुल ने इस दौरान शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने कहा, "भारत ने पहली पारी में 300 से ज्यादा रन बनाये, टॉस जीतना भी उनके पक्ष में गया। यह रन हमें खेल के बाकी चारों दिन महंगे पड़े। पहले दिन अगर आप सिर्फ तीन ही विकेट लेते है तो जाहिर है कि यह आपको महंगा पड़ेगा।"

भारतीय टीम ने पहली बार सेंचुरियन में जीत दर्ज की है जबकि इस मैदान में 26 मैचों में दक्षिण अफ्रीका की यह सिर्फ दूसरी हार है। एल्गर ने कहा कि उनकी टीम को मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह के खिलाफ सावधान रहना होगा जिन्होंने इस मैच में आपस में 13 विकेट साझा किये।

IND vs SA: शमी दुनिया के शीर्ष तीन सीम गेंदबाजों में से एक हैं- कोहली

उन्होंने कहा, "शमी ने जाहिर तौर पर हमारे दायें हाथ के बल्लेबाजों को परेशान किया। बुमराह हमेशा ऊर्जा से भरे रहते हैं। आपको दोनों के खिलाफ सतर्क रहना होगा। उनकी गेंदबाजी काफी संतुलित है। सिराज भी उपयोगी गेंदबाज है लेकिन हमारी टीम को अनुभवी शमी और बुमराह से अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।"

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल