भारतीय महिला टीम जिनके लिए साल 2025 काफी शानदार रहा और वह वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में कामयाब रही थी, जिसमें उन्होंने फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीकी महिला टीम को मात देते हुए पहली आईसीसी ट्रॉफी को जीता था। अब टीम इंडिया के सामने साल 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को जीतने की चुनौती है जिसकी तैयारियों को परखने के लिए 17 अप्रैल से उन्हें साउथ अफ्रीका के दौरे पर मेजबान टीम के खिलाफ 17 अप्रैल से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनके फॉर्म पर नजरें रहने वाली हैं, जिसमें टॉप पर स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अलावा शैफाली वर्मा का नाम है। ऐसे में हम आपको भारतीय महिला टीम का टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं।
टीम इंडिया ने अब तक अपना दबदबा बनाए रखा
टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम का अधिकतर टीमों के खिलाफ प्रदर्शन काफी बेहतर देखने को मिला है, जिसमें साउथ अफ्रीकी महिला टीम के खिलाफ उनके प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो वह काफी शानदार देखने को मिलता है। भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीम के बीच में टी20 इंटरनेशनल में अब तक 19 बार भिड़ंत देखने को मिली है, जिसमें से टीम इंडिया 10 मैचों को अपने नाम करने में कामयाब रही है, तो वहीं साउथ अफ्रीका महिला टीम सिर्फ 6 मैच ही जीत सकी है। वहीं तीन मुकाबलों का कोई परिणाम नहीं निकल सका है। ऐसे में सभी को टीम इंडिया से इसी रिकॉर्ड को और बेहतर करने की उम्मीद रहने वाली है।
अफ्रीका में ऐसा रहा है भारतीय टीम का रिकॉर्ड
साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनके घर पर भारतीय महिला टीम का टी20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड देखा जाए तो वह भी अब तक काफी अच्छा रहा है। टीम इंडिया ने अफ्रीका के खिलाफ उनके घर पर 8 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें से वह 4 को अपने नाम करने में कामयाब रही हैं, तो उन्हें सिर्फ 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा दो मैचों का कोई परिणाम नहीं निकल सका है। टीम इंडिया ने पिछली बार यहां पर साल 2023 में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, जो 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई थी।
ये भी पढ़ें
Wisden Awards: मिचेल स्टार्क और दीप्ति शर्मा को अवार्ड, भारत के 4 और खिलाड़ी शामिल