1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs WI के बीच 5वें टी20 मैच में बेंगलुरु की पिच का कैसा रहेगा मिजाज, बल्लेबाजों का क्या दिखेगा फिर से कमाल?

IND vs WI के बीच 5वें टी20 मैच में बेंगलुरु की पिच का कैसा रहेगा मिजाज, बल्लेबाजों का क्या दिखेगा फिर से कमाल?

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 17, 2026 03:51 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 03:51 pm IST

भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां की पिच को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अभी तक इस सीरीज में बल्लेबाजों का दबदबा पूरी तरह से देखने को मिला है।

M. Chinnaswamy Stadium, Bengaluru- India TV Hindi
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु Image Source : PTI

भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं। अभी तक इस सीरीज में चार मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर हैं। ऐसे में सीरीज का यह निर्णायक मुकाबला रहने वाला है। अभी तक इस सीरीज में खेले गए चार मुकाबलों में पूरी तरह से बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है, जिसमें 250 रनों का टारगेट भी चेज हुआ। ऐसे में बेंगलुरु की पिच का बर्ताव कैसा रहने वाला है इसको लेकर हर किसी नजरें रहेंगी, जिसमें मौसम की भी काफी अहम भूमिका देखने को मिलने वाली है।

बेंगलुरु की पिच पर बल्लेबाजों का दिख सकता है कमाल

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारतीय टीम 2 साल के लंबे अंतराल के बाद टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरने वाली है। ऐसे में यहां की पिच को लेकर बात की जाए तो उसमें बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल सकता है, क्योंकि पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए यहां गेंदबाजों के लिए काम काफी मुश्किल दिखा है, जिसके पीछे बड़ी वजह स्टेडियम की बाउंड्री का भी काफी छोटा होना है। हालांकि मौसम के चलते पिच में नमी मौजूद रहेगी जिसका फायदा तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर्स में मिल सकता है और ऐसे में बल्लेबाजों के लिए शुरू में तेजी से रन बनाना आसान काम नहीं रहने वाला है। यहां पर खेले गए 10 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में अब तक 4 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है तो वहीं 5 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम मुकाबला अपने नाम करने में कामयाब रही, जबकि एक मैच बारिश के चलते रद्द रहा है।

खराब मौसम के चलते टॉस की रहेगी अहम भूमिका

बेंगलुरु में भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेले जाने वाले 5वें टी20 मैच के दौरान खराब मौसम के चलते खेल में खलल देखने को मिल सकता है। 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे बारिश होने की संभावना 49 फीसदी के करीब है, जो 8 बजे तक 34 फीसदी पर आ जाएगी, लेकिन इसके बाद इसमें तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और बारिश होने की संभावना 70 फीसदी से अधिक पहुंच जाएगी। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है ताकि बारिश के चलते यदि खेल में खलल पड़ता है तो डकवर्थ लुईस नियम लगने पर उसके लिए टारगेट का पीछा करना आसान रहे।

ये भी पढ़ें

फ्री में कैसे देखें इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज पांचवां टी20 मुकाबला? जानें लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स

सोशल मीडिया की आलोचनाओं पर भड़के टीम इंडिया के बॉलिंग कोच, बोले- खिलाड़ी के मानसिक थकान को इग्नोर न करें

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।