India TV Poll: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2024 का सीजन कुछ खास नहीं रहा। सीएसके की टीम प्लेऑफ से पहले ही बाहर हो गई। पिछले सीजन की चैंपियन टीम नेट रन रेट के मामूली अंतर से पिछड़कर पांचवें स्थान पर रही। इस हार के बाद 42 साल के एमएस धोनी के संन्यास को लेकर कयास लगाए जाने लगे है। माना जा रहा है कि ये आईपीएल में एमएस धोनी का आखिरी सीजन था।
एमएस धोनी आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे या नहीं इस पर उनकी तरफ से कोई जवाब सामने नहीं आया है। लेकिन एमएस धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस तो चाहते हैं कि वह एक और सीजन अपनी टीम के लिए खेले। दूसरी ओर वह पूरे सीजन इंजरी के साथ खेलते हुए नजर आए थे, जिसको देखकर लगता है कि उनके लिए अगला सीजन खेलना मुश्किल रहने वाला है। ऐसे में क्या एमएस धोनी अब आईपीएल से रिटायरमेंट ले सकते हैं, इसको लेकर इंडिया टीवी के खास पोल में फैंस से यही सवाल पूछा गया। इसपर फैंस ने अपनी राय रखी। आइए जानते हैं कि इंडिया टीवी के पोल पर लोगों ने क्या कहा?
इंडिया टीवी ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से इस पोल के जरिए जब लोगों की राय जानना चाही, तो इसमें कुल 11960 लोगों ने वोट किया है। जिसमें से 66.51% फैंस का मानना है कि एमएस धोनी अब आईपीएल से रिटायरमेंट ले सकते हैं। 25.29% फैंस ने इसका जवाब नहीं में दिया। यानी उनका मानना है कि एमएस धोनी अभी भी आईपीएल से रिटायरमेंट नहीं लेंगे और खेलना जारी रखेंगे। वहीं, 8.06% फैंस ने इस पर कोई राय नहीं दी।

हां- 66.51%
नहीं- 25.29%
कह नहीं सकते- 8.06%
कुल वोटर- 11960
हाल ही में सीएसके सूत्र ने कहा था कि धोनी अपनी भविष्य की रणनीति पर फैसला ठीक होने के बाद लेंगे। वह पूरी तरह से फिट नहीं हैं लेकिन खेलना जारी रखना चाहते हैं। उन्हें ठीक होने में पांच से छह महीने लगेंगे। बता दें, बीसीसीआई रिटेंशन के लिए एक पॉलिसी जल्द ही जारी कर सकती है। ऐसे में धोनी और फ्रेंचाइजी को रिटेंशन लिस्ट का ऐलान करने से पहले कोई निर्णय लेना होगा। हालांकि इस पॉलिसी के सामने आने में अभी कुछ समय है। माना जा रहा है कि धोनी के पास नवंबर तक का समय हो सकता है।
महेंद्र सिंह साल 2008 से ही आईपीएल में खेल रहे हैं। उन्होंने अपने दम पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को कई मैच जिताए हैं। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 264 मैचों में 5243 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम ने पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की है।
ये भी पढ़ें
BCCI कॉन्ट्रेक्ट से बाहर, वर्ल्ड कप की टीम में नहीं मिली जगह, अब IPL जीत दिया सबको जवाब
टीम इंडिया में जल्द हो सकती है इन खिलाड़ियों की एंट्री, आईपीएल में जबरदस्त प्रदर्शन
संपादक की पसंद