India vs Oman Match Time: भारतीय क्रिकेट अब एशिया कप में अपने तीसरे मुकाबले की तैयारी कर रही है। पहले दो मैच खेलकर और उन्हें जीतकर टीम ने पहले ही सुपर 4 में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब तीसरे मैच की बारी है। वैसे तो इस मैच के कुछ ज्यादा मायने नहीं हैं, क्योंकि ओमान की टीम भारत के सामने काफी कमजोर है। इस बीच अगला मुकाबला आबुधाबी में खेला जाएगा। तो क्या मैच के समय में कोई बदलाव होगा या फिर उसी समय मैच शुरू होगा, जब पहले हो रहा था।
19 सितंबर को आबधाबी में ओमान से भिड़ेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम ओमान से 19 सितंबर को आबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेलेगी। अभी तक भारत ने यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ मैच दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले थे, लेकिन अब वेन्यू बदल रहा है। मैच का स्थान भले ही बदल रहा हो, लेकिन आपको बता दें कि समय में कोई बदलाव नहीं होगा। इससे पहले जो दो मैच हुए थे, वे भारतीय समय अनुसार देर शाम आठ बजे से शुरू हुए थे। उससे आधे घंटे पहले टॉस हुआ था। अब भी आबुधाबी में ओमान के खिलाफ मैच का टॉस शाम साढ़े सात बजे होगा और ठीक आठ बजे से मुकाबला शुरू हो जाएगा।
पहली बार होगा भारत और ओमान का मुकाबला
खास बात ये है कि भारतीय टीम ने ओमान के खिलाफ अभी तक कोई भी मैच नहीं खेला है। ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि ओमान की टीम भारत से भिड़ेगी। भारत के लिए तो नहीं, लेकिन ओमान के प्लेयर्स के लिए जरूर ये काफी बड़ी बात होगी। उनके लिए मौका होगा कि वे भारतीय खिलाड़ियों से कुछ सीखकर जाएं। मैच का नतीजा तो अभी से सभी को पता है।
भारत की प्लेइंग इलेवन में भी बदलाव होने की संभावना
टीम इंडिया चूंकि पहले ही सुपर 4 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और मुकाबला भी ओमान से है, इसलिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में भी कुछ बदलाव होने की संभावना है। अभी तक की जानकारी के अनुसार अगले मैच में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है, उनकी जगह अर्शदीप की वापसी प्लेइंग इलेवन में हो सकती है। हालांकि और भी कुछ बदलाव होंगे कि नहीं, इसका खुलासा तो मैच के वक्त ही होगा, जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए जाएंगे। अब भारतीय टीम सुपर 4 के अपने मैचों की तैयारी में जुूट रही है। जहां का हरएक मैच काफी अहम होगा। टीम इंडिया जिस तरह का प्रदर्शन कर रही है, उससे नहीं लगता कि टीम दुबई से बिना ट्रॉफी जीते हुए वापस आएगी।
यह भी पढ़ें
वरुण चक्रवर्ती ने आईसीसी रैंकिंग में किया टॉप, एक साथ लगा दी इतनी लंबी छलांग