India vs South Africa ODI Series: भारतीय क्रिकेट टीम टेस्ट में मिली करारी हार के बाद अब वनडे के लिए मैदान में उतरेगी। सीरीज का आगाज 30 नवंबर से होने जा रहा है, जो छह दिसंबर तक चलेगी। इस बीच टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में क्या उस खिलाड़ी को मौका मिलेगा, जो पिछले कुछ वक्त से लगातार रन बना रहा है या फिर केएल राहुल की कप्तानी में भी उसे खाली हाथ लौटना होगा, ये देखना दिलचस्प होगा। हम बात कर रहे हैं रुतुराज गायकवाड की, जो वनडे सीरीज के लिए स्क्वाड में चुने तो गए हैं, लेकिन खेलना ना खेलना अभी तय नहीं है।
केएल राहुल को दी गई है वनडे सीरीज में कप्तानी
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा। इस सीरीज में शुभमन गिल नहीं हैं। उन्हें चोट लगी है, इसलिए उनकी जगह कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल को दी गई है। टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलते हुए नजर आएंगे। शुभमन गिल की गौरमौजूदगी में सलामी बल्लेबाज के तौर पर रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल खेलते हुए दिखाई देंगे। ऐसे में सवाल है कि टीम में रुतुराज गायकवाड को भी जगह दी गई है, क्या वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन पाएंगे।
ओपनर के तौर पर तो नहीं, लेकिन मिडल आर्डर में मिल सकती है गायकवाड को जगह
दरअसल अगर भारत के पूरे स्क्वाड को देखा जाए तो पता चलता है कि ओपनर के तौर पर तो गायकवाड को जगह मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। हां, इतना जरूर है कि नीचे क्रम में उन्हें मौका दिया जा सकता है। ओपनर के तौर पर रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के बाद तीसरे नंबर पर पूर्व कप्तान विराट कोहली खेलते हुए नजर आएंगे। नंबर चार पर खुद कप्तान केएल राहुल बल्लेबाजी के लिए आएंगे। इसके बाद नंबर पांच पर तिलक वर्मा और रुतुराज गायकवाड में से किसी एक को रखना होगा। ऐसे में कप्तान केएल राहुल को तय करना होगा कि वे यहां पर किसे खेलने का मौका देते हैं। वैसे तो गायकवाड एक ओपनर हैं, लेकिन टीम की जरूरत के लिए वे कहीं भी खेल सकते हैं।
करीब दो साल से भारत के लिए वनडे नहीं खेले हैं रुतुराज गायकवाड
रुतुराज गायकवाड ने अक्टूबर 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। इसके बाद साल 2023 दिसंबर में उन्होंने इसी टीम के खिलाफ अपना आखिरी वनडे भी खेल लिया था। यानी करीब दो साल से रुतुराज गायकवाड को वनडे में वापसी का मौका ही नहीं मिला है। क्या अब वे फिर से साउथ अफ्रीका के ही खिलाफ वापसी कर पाएंगे, ये लाख टके का सवाल है। अब तक 6 वनडे मैच खेलकर गायकवाड ने 115 रन बनाए हैं, इसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। ये आंकड़े बहुत अच्छे तो नहीं हैं।
साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ किया था अच्छा प्रदर्शन
गायकवाड के पक्ष में ये आंकड़े तो नहीं जाते हैं, लेकिन इतना जरूर है कि पिछले कुछ वक्त से वे लगातार खेल रहे हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। साउथ अफ्रीका के ए के खिलाफ हाल ही में जो सीरीज खेली गई थी। उसके तीन मैचों में गायकवाड ने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था। यानी माना जाना चाहिए कि वे इस वक्त फार्म में हैं। देखना होगा कि उन्हें भारत की प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका मिलता है या फिर वे फिर से घूमकर ही वापस आ जाते हैं।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: कितने बजे शुरू होगा पहला मैच, नोट कर लीजिए टाइम, नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला
ICC Rankings: भारत से जीत के बाद साउथ अफ्रीका ने लगाई छलांग, टीम इंडिया अब इस नंबर पर