एशिया कप 2023 का फाइनल मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। एशिया कप में दोनों टीमों के बीच आठवां फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं और वह सचिन तेंदुलकर को पीछे कर सकते हैं। रोहित की गिनती भारत के सर्वश्रेष्ठ ओपनर्स में होती है। उन्होंने अपने दम पर टीम इंडिया को कई मैच जिताए हैं।
भारत के लिए वनडे एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने भारत के लिए 971 रन बनाए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 939 रन बनाए हैं। अगर श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मैच में कप्तान रोहित 61 रन और बना लेते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। इसके अलावा वनडे एशिया कप में 1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।
सनथ जयसूर्या- 1220 रन
कुमार संगाकारा- 1075 रन
सचिन तेंदुलकर- 971 रन
रोहित शर्मा- 939 रन
मुश्फिकुर रहीम- 830 रन
रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के लिए जून 2007 में डेब्यू किया था। उसके बाद वह टीम से अंदर-बाहर होते रहे। लेकिन 2013 में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें ओपनिंग में उतारने का फैसला लिया। इसके बाद से ही वह भारतीय बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बन गए। रोहित ने टीम इंडिया के लिए अभी तक 249 मैचों में 10031 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 51 अर्धशतक भी लगाए हैं।
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने एशिया कप 2018 का खिताब जीता था। तब भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को शिकस्त दी थी। अब अगर श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप 2023 का फाइनल मुकाबला जीत जाते हैं तो वह एशिया कप के दो खिताब जीतने वाले कुल तीसरे भारतीय कप्तान बनेंगे। उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी और मोहम्मद अजहरुद्दीन दो-दो खिताब जीत चुके हैं।
यह भी पढ़ें:
अगर बारिश के कारण रिजर्व डे पर नहीं हो सका मैच, जानें कौन फिर जीतेगा एशिया कप का खिताब
Asia Cup 2023 के फाइनल में ऐसी होगी पिच, जानें किस टीम को होगा फायदा
संपादक की पसंद