1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान, हरमनप्रीत को मिली कमान

T20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान, हरमनप्रीत को मिली कमान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 30, 2026 09:46 am IST,  Updated : Jun 30, 2026 09:54 am IST

BCCI ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में टीम इंडिया गोल्ड मेडल का बचाव करने की कोशिश करेगी।

India Womens - India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : AFP

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सामने अब खुद को साबित करने की नई चुनौती होगी। इसी कड़ी में BCCI ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। इस बार टीम का लक्ष्य लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतना होगा। हाल ही में टीम इंडिया का T20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक अभियान का अंत हुआ। टीम ग्रुप स्टेज में कुल 5 मैचों में सिर्फ 3 ही जीत सकी। भारतीय टीम को टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा।

लगातार दूसरे गोल्ड पर टिकी नजरें

भारतीय महिला टीम पिछली बार चीन के हांगझोउ में आयोजित एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच चुकी है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की अगुआई में टीम इस बार भी खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। स्मृति मंधाना को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।

वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद सिलेक्टर्स ने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा है। टीम में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष को जगह मिली है। युवा विकेटकीपर जी. कमलिनी भी टीम का हिस्सा होंगी। हालांकि, विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। यास्तिका की जगह जी. कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है।

टीम इंडिया के सामने गोल्ड बचाने की चुनौती

गेंदबाजी विभाग में रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, श्री चरणी और क्रांति गौड़ को शामिल किया गया है। वहीं ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल को फिटनेस मंजूरी मिलने की शर्त पर टीम में जगह दी गई है। इसके अलावा भारती फुलमाली और नंदनी शर्मा भी 15 सदस्यीय दल का हिस्सा हैं। T20 वर्ल्ड कप में उम्मीदों के विपरीत प्रदर्शन के बाद एशियन गेम्स भारतीय महिला टीम के लिए आत्मविश्वास हासिल करने और खिताबी लय में लौटने का बड़ा मंच साबित हो सकते हैं। भारत मौजूदा गोल्ड मेडलिस्ट है, इसलिए इस बार भी टीम से गोल्ड मेडल बरकरार रखने की उम्मीदें रहेंगी।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की महिला क्रिकेट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा।

यह भी पढ़ें:

T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर मंडराया संकट? कोच ने अपने बयान से कर दिया साफ

आयरलैंड के हेड कोच ने दिया इस्तीफा, भारत के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत के बाद छोड़ा पद

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल