Indian Cricket Team: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज हो रही है। टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम भले ही 1-2 से पीछे है, लेकिन उसने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी है। भारतीय बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और टीम की तरफ से 6 बल्लेबाज शतक लगा चुके हैं। इनमें शुभमन गिल, ऋषभ पंत, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के नाम शामिल हैं।
टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने लगा दीं 400 बाउंड्रीज
इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 23 बाउंड्री लगाईं। इसी के साथ भारतीय टीम ने जारी टेस्ट सीरीज में कुल 416 बाउंड्रीज (छक्के और चौके) लगा दी हैं, जो भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा हैं। भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐसा पहली बार किया है, जब उसने एक ही टेस्ट सीरीज में 400 बाउंड्रीज (चौके और छक्के) लगाई हैं और ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाया है।
भारतीय टीम ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम ने 61 साल पहले साल 1964 में ही इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 384 बाउंड्रीज लगाई थीं। अब बल्लेबाजों के धमाकेदार के प्रदर्शन की बदौलत टीम ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं 1979 में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आई थी। तब भारतीय टीम ने 361 बाउंड्रीज जड़ी थीं, लेकिन उस सीरीज में 1-2 प्लेयर्स के चौकों का डाटा अभी उपलब्ध नहीं है।
शुभमन गिल ने मौजूदा टेस्ट सीरीज में बनाए सबसे ज्यादा रन
मौजूदा सीरीज में भारतीय टीम के लिए शुभमन गिल और केएल राहुल सबसे बड़े हीरो साबित हुए हैं। ये दोनों प्लेयर्स 500+ रन बना चुके हैं। गिल के बल्ले से 743 रन निकले हैं, जिसमें उन्होंने चार शतक लगाए हैं। उनके अलावा राहुल ने 525 रन बनाए हैं और उनके बल्ले से दो शतक निकले हैं। टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर का प्रदर्शन भी काबिले तारीफ रहा है।
इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय प्लेयर्स:
- शुभमन गिल-743 रन
- केएल राहुल-525 रन
- ऋषभ पंत-479 रन
- रवींद्र जडेजा-463 रन
- यशस्वी जायसवाल-293 रन
- वॉशिंगटन सुंदर-224 रन
यह भी पढ़ें:
इस बार भी टूटने से बच जाएगा 89 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड? अगले चार दिन होंगे काफी अहम
लगातार छठा मैच हारी वेस्टइंडीज, घटिया रिकॉर्ड के बराबर पहुंचे; पाकिस्तान के आगे टेके घुटने