इंग्लैंड के दौरे पर अब तक टीम इंडिया के बल्लेबाजों का काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। भारतीय टीम के प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अभी तक इस दौरे पर कुल 5 पारियों में बल्लेबाजी की है और सभी में 350 से अधिक का स्कोर बनाने में कामयाब रहे हैं। लॉर्ड्स में खेले जा रहे 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 387 रनों का स्कोर बनाकर सिमटी। वहीं भारतीय टीम ने टेस्ट क्रिकेट में 50 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड भी धराशायी करने का काम किया जो इससे पहले वेस्टइंडीज के नाम पर था।
भारत बना विदेशी जमीन पर एक टेस्ट सीरीज में बनी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम
भारतीय टीम के बल्लेबाजों की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में अब तक काफी सकारात्मक प्रदर्शन देखा गया है। बल्लेबाजी में केएल राहुल और ऋषभ पंत के अलावा कप्तान शुभमन गिल ने अहम भूमिका अदा की है। टीम इंडिया ने लॉर्ड्स टेस्ट मैच में अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान तीसरे दिन के खेल में वेस्टइंडीज के नाम पर दर्ज 50 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। टेस्ट क्रिकेट में अब एक सीरीज में विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम पर दर्ज हो गया है। भारतीय टीम की तरफ से अब तक इस सीरीज में कुल 36 छक्के लग चुके हैं। वहीं इससे पहले साल 1974-75 में वेस्टइंडीज की टीम ने भारत के दौरे पर खेली गई टेस्ट सीरीज में कुल 32 छक्के लगाए थे।
एक टेस्ट सीरीज में घर से बाहर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीमें
- भारत - 36 छक्के* (इंग्लैंड दौरा, साल 2025)
- वेस्टइंडीज - 32 छक्के (भारत दौरा, साल 1974-75)
- न्यूजीलैंड - 32 छक्के (पाकिस्तान के खिलाफ, यूएई में, साल 2014-15)
- ऑस्ट्रेलिया - 31 छक्के (भारत दौरा, साल 2000-01)
- इंग्लैंड - 31 छक्के (साउथ अफ्रीका दौरा, साल 2019-20)
पंत ने लगाए अब तक सबसे ज्यादा छक्के
पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत पहले नंबर पर काबिज हैं। पंत इस सीरीज में जहां 400 से अधिक रन बना चुके हैं, तो वहीं उनके बल्ले से कुल 13 छक्के भी देखने को मिले हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल हैं जो 12 छक्के लगाने में कामयाब हुए हैं।
ये भी पढ़ें
VIDEO: आकाश दीप ने ठंडा कर दिया आर्चर का खौफ, खेला ऐसा शॉट खुला रह गया इंग्लैंड प्लेयर्स का मुंह
स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड में रच दिया इतिहास, इस मामले में तोड़ा बेथ मूनी का रिकॉर्ड