1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमन गिल नादान कप्तान, ब्रह्मास्त्र का इस्तेमाल करने में पूरी तरह से चूके

शुभमन गिल नादान कप्तान, ब्रह्मास्त्र का इस्तेमाल करने में पूरी तरह से चूके

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 25, 2025 06:42 pm IST,  Updated : Jun 25, 2025 06:42 pm IST

IND vs ENG: भारतीय टीम के लिए इंग्लैंड के दौरे का आगाज काफी खराब रहा है, जिसमें शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया को लीड्स के मैदान पर खेले गए मुकाबले में 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में कप्तान गिल के कुछ फैसलों पर भी अब सवाल उठ रहे हैं।

Shubman Gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : INDIA TV

कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंडिया की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही है। इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। लीड्स के मैदान पर खेले गए सीरीज के पहले मैच में मेजबान इंग्लैंड को चौथी पारी में जीत के लिए 371 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा उन्होंने पांचवें दिन के आखिरी सेशन के खेल में 82 ओवर्स में पूरा कर लिया। शुभमन गिल के लिए बतौर कप्तान ये बिल्कुल भी अच्छी शुरुआत नहीं है, वहीं मुकाबले के दौरान उनके कुछ फैसलों पर भी अब सवाल उठ रहे हैं, इसमें एक है डीआरएस का इस्तेमाल। इसमें गिल पूरी तरह से असफल नजर आए और एकबार भी इस मामले में सही साबित नहीं हुए।

पहली और दूसरी दोनों पारियों में गिल से हुई गलती

क्रिकेट में जब से मैदानी अंपायर के फैसलों को चुनौती देने के लिए डीआरएस नियम को लागू किया गया है, उसके बाद से सभी टीमें इसका काफी बेहतर तरीके से इस्तेमाल करती हैं। टेस्ट क्रिकेट में डीआरएस की अहमियत काफी ज्यादा बढ़ जाती है। कप्तान शुभमन गिल लीड्स टेस्ट मैच में डीआरएस का सही इस्तेमाल करने से पूरी तरह चूक गए। इसमें पहली पारी को लेकर बात की जाए तो टीम इंडिया ने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर बेन डकेट के खिलाफ डीआरएस लिया जो असफल रहा। 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर ओली पोप और उसके बाद 80वें ओवर की दूसरी गेंद पर जेमी स्मिथ के खिलाफ लिया गया डीआरएस का फैसला भी असफल रहा था।

वहीं इंग्लैंड की टीम चौथी पारी जब 371 रनों के टारगेट का पीछा कर रही थी, उसमें टीम इंडिया ने सबसे पहले 16वें ओवर की चौथी गेंद पर डीआरएस लिया था जो जैक क्राउली के खिलाफ था लेकिन इस बार भी ये बाद में असफल हो गया। दूसरा डीआरएस टीम इंडिया ने 56वें ओवर की दूसरी गेंद पर बेन स्टोक्स के खिलाफ लिया था और इस बार भी तीसरे अंपायर ने इसे गलत फैसला करार दिया। आखिरी डीआरएस टीम इंडिया ने 62वें ओवर की दूसरी गेंद पर जो रूट के खिलाफ लिया था, जो एलबीडब्ल्यू की अपील पर था लेकिन इस बार भी तीसरे अंपायर का फैसला आने के बाद ये असफल साबित हो गया। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के टारगेट का पीछा करने के दौरान अपने सभी डीआरएस उस समय गंवा दिए थे, जब उन्हें 100 से अधिक रन और जीत के लिए बनाने थे और उस समय मेजबान टीम के पास उनके सभी डीआरएस भी बचे हुए थे।

शुभमन की कप्तानी में जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड

टीम इंडिया को जहां इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट मैच में 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा तो वहीं शुभमन गिल की कप्तानी में एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी बन गया। भारतीय टीम ने पहली बार किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर 800 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद हार का सामना किया है। लीड्स टेस्ट में टीम इंडिया ने कुल 835 रन बनाए थे। वहीं इससे पहले साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने 759 रन बनाए थे, जब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

ये भी पढ़ें

हार के बाद दूसरे टेस्ट की Playing 11 में होगा बड़ा बदलाव, बर्मिंघम में स्टार बॉलर को खेलना ही होगा

IND vs ENG: तो क्या ऋषभ पंत टीम इंडिया के लिए साबित हुए अनलकी प्लेयर?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल