गुजरात टाइटंस की टीम जिन्होंने आईपीएल 2025 में अपने शुरुआत 5 में से चार मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज की थी, उनको छठे मैच में 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा है। लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 180 रनों का स्कोर बनाया था, जिसका पीछा लखनऊ की टीम ने 19.3 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर कर लिया। इस मैच में एलएसजी की टीम के लिए बल्ले से एडन मारक्रम और निकोलस पूरन ने अहम भूमिका निभाई जिसमें दोनों अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे।
पूरन और मारक्रम की साझेदारी ने लखनऊ की जीत को किया पक्का
लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम जब इस मुकाबले में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी तरफ से ओपनिंग में एडन मारक्रम के साथ ऋषभ पंत की जोड़ी इस मैच में उतरी जिसमें दोनों ने पहले 6 ओवर्स में टीम का स्कोर 61 रनों तक पहुंचा दिया। लखनऊ की टीम को पहला झटका 65 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत के रूप में लगा जो 21 रनों की पारी खेलने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हो गए। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे निकोलस पूरन ने मारक्रम का बखूबी साथ दिया जिसमें दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 58 रनों की साझेदारी देखने को मिली, जिससे लखनऊ की इस मैच में जीत पूरी तरह से पक्की हो गई।
एडन मारक्रम इस मैच में 31 गेंदों में 58 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए तो वहीं निकोलस पूरन के बल्ले से 34 गेंदों में एक चौके और 7 छक्कों की मदद से 61 रनों की पारी देखने को मिली। लखनऊ की टीम इस जीत के साथ अब टॉप-4 में अपनी जगह बनाने में कामयाब हो गई है, जिसमें उनके 6 मैचों में चार जीत के साथ 8 अंक हैं।
गिल और सुदर्शन की पारी का फायदा नहीं उठा सकी गुजरात की टीम
इस मैच में गुजरात टाइटंस की टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें शुभमन गिल और साईं सुदर्शन के बल्ले से तो बेहतरीन अर्धशतकीय पारी देखने को मिली जिसमें दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी देखने को मिली। वहीं गिल के 60 और सुदर्शन के 56 रन बनाकर पवेलियन लौटने के साथ गुजरात की पारी में तेजी के साथ विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला जिसमें वह 180 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सके। लखनऊ के लिए गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट हासिल किए तो वहीं दिग्वेश राठी और आवेश खान ने भी एक-एक विकेट लिया।
ये भी पढ़ें
RR vs RCB: जयपुर की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज कौन पड़ेगा भारी, जानें Pitch रिपोर्ट की पूरी जानकारी
PSL को लगा तगड़ा झटका, पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुआ धाकड़ बल्लेबाज, 2 रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान