1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL Playoff Scenario: प्लेऑफ के लिए तीन टीमें सबसे आगे, चौथे स्पॉट के लिए जोरदार जंग

IPL Playoff Scenario: प्लेऑफ के लिए तीन टीमें सबसे आगे, चौथे स्पॉट के लिए जोरदार जंग

 Published : Apr 22, 2026 09:15 am IST,  Updated : Apr 22, 2026 09:15 am IST

आईपीएल 2026 में अब प्लेऑफ की जंग शुरू होने वाली है। एक एक मैच अहम है। इस बीच समझना चाहिए कि कौन सी टीमें इस वक्त आगे चल रही हैं और कौन सी पिछड़ती हुई दिख रही हैं। पूरी तस्वीर कुछ ऐसी है।

ipl playoffs- India TV Hindi
आईपीएल प्लेऑफ सिनेरियो Image Source : GETTY

आईपीएल 2026 में अब तक 31 मुकाबले खेले जा चुके हैं। यानी अब प्लेऑफ की जंग शुरू होने को है। सभी 10 टीमें छह से सात मैच खेल चुकी हैं, यानी आधे पड़ाव तक करी​ब करीब पहुंचा जा चुका है। अब तक हुए मैचों के आधार पर कहा जा सकता है कि तीन टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के करीब हैं, यानी एक स्पॉट के लिए अब संघर्ष होगा। यहां एक एक मैच अहम होने वाला है, जो टीम बेपटरी हुई, उसका खेल आने वाले कुछ ही दिनों में खत्म हो जाएगा। 

प्लेऑफ में जाने के लिए टीम को चाहिए होते हैं कम से कम 16 अंक

प्लेऑफ के समीकरण और सिनेरियो को समझने के लिए ये जानना जरूरी है कि कोई टीम कितने अंक हासिल कर ले तो उसकी जगह टॉप 4 में पक्की हो जाती है। आईपीएल के एक सीजन में सभी टीमों को 14 मुकाबले खेलने का मौका मिलता है। इसमें से जो टीम 16 अंक हासिल कर लेती है, उसकी जगह करीब करीब तय हो जाती है। वैसे तो टीमें 14 अंक लेकर भी प्लेऑफ तक पहुंचती रही हैं, लेकिन वहां नेट रन रेट काफी अहम भूमिका अदा करता है। 16 अंक का मतलब है कि टीम को आठ मैच जीतने होते हैं। उससे ज्यादा जीतें तो और भी अच्छी बात है। 

पंजाब की टीम पहले नंबर पर, प्लेऑफ में जगह करीब करीब पक्की, तीन और जीत चाहिए

अभी तक जो मैच हुए हैं, उसके हिसाब से लगता है कि पंजाब किंग्स की जगह तो प्लेऑफ में बिल्कुल पक्की है। बशर्ते टीम यहां से लगातार तीन चार मैच हार ना जाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो टीम ना केवल प्लेऑफ में पहुंच जाएगी, ​बल्कि पहले और दूसरे नंबर पर ही लीग स्टेज फिनिश कर सकती है। पंजाब ने अब तक एक भी मैच नहीं हारा है। यानी अजेय है। टीम के पास 11 अंक हो चुके हैं और उसे प्लेऑफ में जाने के लिए तीन और जीत की जरूरत है। टीम के अभी 8 मैच बाकी है। इतने में से तीन मैच जीतना कोई भी मुश्किल काम नहीं है। 

आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स भी अब तक सेफ जोन में 

इसके बाद अगर आगे की टीमों की बात की जाए तो आरसीबी यानी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स की बात की जाए तो वे भी अच्छा खेल दिखा रही हैं और अगर कोई बड़ा घटनाक्रम नहीं हुआ तो उनकी जगह भी प्लेऑफ में बन ही जाएगी। आरसीबी और आरआर के आठ आठ अंक हैं और उन्होंने छह मैच खेल लिए हैं। यानी उन्हें बचे हुए अपने आठ मैचों में से चार में जीत की जरूरत है। अभी जो फार्म चल रहा है, उससे नहीं लगता कि ये टीमें टॉप 4 से जल्द बाहर होंगी। 

एसआरएच, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच जंग

इन तीन टीमों की दावेदारी प्लेऑफ के लिए सबसे मजबूत है। अब बात चौथी टीम की करते हैं, आखिरी टीम कौन सी हो सकती है, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर तीसरे नंबर की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है। लेकिन एसआरएच ने अब तक सात मैच खेले हैं, बाकी जिन टीमों के पास आठ अंक हैं, उनके छह मैच हुए हैं। टीम अभी तो टॉप 4 में है, लेकिन कितने दिन यहां रह पाएगी, ये कहना मुश्किल है। 

सीएसके और मुंबई इंडियंस की हालत खराब, केकेआर का खेल करीब करीब खत्म

आगे की टीमों की बात की जाए तो दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस भले ही अभी टॉप 4 से बाहर हों, लेकिन उनकी दावेदारी अभी बनी हुई है। इन दोनों टीमों को अपने आने वाले दो से तीन मैच लगातार जीतने होंगे, साथ ही नेट रन रेट पर भी नजर रखनी होगी, जो आने वाले दिनों में काफी अहम होगा। इसके बाद आगे की बात करें तो सीएसके और मुंबई इंडियंस की हालत काफी पतली है। इनके पास केवल चार चार अंक हैं। अब यहां से एक ही हार टीम की दावेदारी को गहरी ठेस पहुंचाएगी। जीत का सिलसिला न केवल शुरू करना होगा, ​​बल्कि उसे जारी भी रखना होगा। बचे हुए आठ में से इन्हें कम से कम छह तो जीतने ही होंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम अभी तक आधिकारिक तौर पर तो प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है, लेकिन एक और हार टीम का खेल खत्म करने के लिए काफी होगी। 

आने वाले मैच होंगे और भी रोचक

यानी कुल मिलाकर अगर देखा जाए तो पता चलता है कि पंजाब किंग्स, आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स की स्थिति काफी मजबूत है, अब कोई अनहोनी ही इन्हें टॉप 4 से बाहर कर सकती है। चौथे स्पॉट के लिए सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच तगड़ी जंग है। सीएसके और मुंबई इंडियंस को कड़ी मेहनत करनी होगी। 

यह भी पढ़ें 

टी20 सीरीज के लिए टीम का हो गया ऐलान, ODI के बाद होंगे तीन मुकाबले

SRH vs DC: कौन है दिल्ली कैपिटल्स की हार का सबसे ​बड़ा विलेन, एक तो जीता हुआ मैच हरवा दिया

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल