1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. गुजरात की जीत और मुंबई की हार से गड़बड़ा दिए प्लेऑफ के समीकरण, अब फंस गया मामला

गुजरात की जीत और मुंबई की हार से गड़बड़ा दिए प्लेऑफ के समीकरण, अब फंस गया मामला

 Published : May 07, 2025 11:13 am IST,  Updated : May 07, 2025 11:13 am IST

मुंबई बनाम गुजरात मुकाबले के बाद जहां एक ओर आईपीएल की अंक तालिका बदल गई है। वहीं प्लेऑफ का सिनेरियो और समीकरण गड़बड़ा दिए हैं।

gujarat titans- India TV Hindi
गुजरात टाइटंस Image Source : PTI

गुजरात की जीत और मुंबई की हार के बाद एक बार फिर से आईपीएल प्लेऑफ के समीकरण गड़बड़ा गए हैं। खास तौर पर मुंबई इंडियंस को इस एक हार से काफी नुकसान हुआ है, जो टीम इस मुकाबले से पहले तक नंबर तीन की कुर्सी पर मौजूद थी, वो अब अचानक चौथे स्थान पर खिसक गई है। वहीं गुजरात टाइटंस ने पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा करने में कामयाबी हासिल की है। इस बीच मुकाबले के बाद जहां कुछ टीमों को फायदा हुआ है, वहीं कुछ को नुकसान भी उठाना पड़ा है। कुल मिलाकर अभी तक ये तय नहीं है कि वो चार टीमें कौन सी होंगी, जो प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करेंगी। 

मुंबई बनाम गुजरात मुकाबले के बाद बदल गई अंक तालिका

मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात टाइटंस मैच के बाद अगर अभी की अंक तालिका की बात की जाए तो गुजरात की टीम ने 16 अंक लेकर पहले नंबर पर अपना कब्जा जमा लिया है। आरसीबी के भी 16 अंक हैं, लेकिन जीटी का नेट रन रेट काफी बेहतर है, इसलिए वो नंबर एक पर पहुंच गई है, वहीं आरसीबी को नीचे आना पड़ा है। इस बीच 15 अंक लेकर पंजाब किंग्स की टीम तीसरे नंबर पर चली गई है। वहीं मुंबई इंडियंस की बात की जाए तो इस मुकाबले से पहले मुंबई तीसरे स्थान पर थी, लेकिन अब उसे नीचे यानी चौथे नंबर पर आना पड़ा है। हालांकि टीम के लिए राहत की बात ये है कि मुंबई अभी भी कम से कम टॉप 4 में बनी हुई है। 

दिल्ली और कोलकाता की मुश्किलें बढ़ीं

अब दिल्ली कैपिटल्स और केकेआर के लिए मुश्किल बढ़ गई है। दिल्ली की टीम 13 अंक लेकर नंबर पांच और कोलकाता 11 अंक लेकर नंबर 6 पर है। दोनों टीमें अपने 11 मुकाबले खेल लिए हैं, यानी अभी उनके लीग चरण में तीन और मैच बाकी हैं। अगर उन्हें प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करनी है तो बचे हुए तीन के तीन मैच जीतने ही होंगे। एलएसजी के पास 10 अंक है, वैसे तो ये टीम अभी तक टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है, लेकिन इसके बाद भी उसकी संभावना अब टॉप 4 में जाने की काफी कम नजर आ रही है। 

अब तक तीन टीमें हो चुकी हैं आईपीएल से बाहर

अभी तक केवल तीन ही टीमें ऐसी हैं, जो अधिकारिक तौर पर इस टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। सबसे पहले चेन्नई की टीम बाहर हुई, इसके बाद राजस्थान की टीम बाहर हुई। इसके बाद हैदराबाद का भी खेल खत्म हो गया। लेकिन खास बात ये है कि अभी तक किसी भी टीम ने अधिकारिक तौर पर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की नहीं की है। यानी अभी भी हर टीम को पूरी मेहनत कर अपनी जीत तय करनी है। अभी की स्थिति पर अगर नजर डालें तो पता चलता है कि गुजरात और बेंगलुरु ये दो टीमें ऐसी हैं, जिनकी जगह प्लेऑफ में पक्की लग रही है। बाकी दो टीमें कौन सी होंगी, ये देखना दिलचस्प होगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल