IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 28 मार्च से IPL के 19वें सीजन का आगाज होने जा रहा है। ऐसे में सभी टीमों ने अपनी कमर कस ली है और टूर्नामेंट की तैयारियों में जुट गई है। इस कड़ी में सनराइजर्स हैदराबाद यानी SRH ने बड़ा ऐलान कर दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने कप्तान को लेकर बड़ा खुलासा किया है। ईशान किशन को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है।
ईशान किशन बने नए कप्तान
दरअसल, टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण IPL 2026 के शुरुआती कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में टीम ने ईशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, धाकड़ सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने एक्स पर यह जानकारी दी। टीम ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- चोट से उबरने के कारण पैट कमिंस कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। जब तक वह ठीक नहीं हो जाते, ईशान किशन कप्तान और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान रहेंगे।
ईशान किशन पिछले साल SRH से जुड़े थे। उन्हें IPL 2025 के ऑक्शन में 11.40 करोड़ रुपये में SRH ने अपने खेमे में शामिल किया था। एक सीजन बिताने के बाद ही ईशान को कप्तान बना दिया गया है। ईशान SRH के 11वें कप्तान होंगे। यही नहीं, ईशान चौथे भारतीय हैं, जो SRH की कप्तानी का जिम्मा संभालेंगे। इससे पहले कुमार संगकारा, शिखर धवन, डेविड वॉर्नर, केन विलियमसन जैसे 10 धाकड़ खिलाड़ी कप्तान रह चुके हैं।
IPL 2013 में खेला पहला सीजन
IPL 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का डेब्यू हुआ था। तब से लेकर अब तक टीम 11 कप्तान देख चुकी है। पहले सीजन श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा और कैमरन व्हाइट ने टीम की कप्तानी की थी। शिखर धवन भी 2013 से 2014 के दौरान टीम के कप्तान रहे। उन्होंने 16 मैचों में टीम की कमान संभाली। IPL 2014 में डैरेन सैमी भी 4 मैचों के लिए कप्तान रहे।
टीम को सबसे सफल कप्तान IPL 2015 में जाकर मिला। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने कप्तानी अपने हाथ में ली और अगले ही सीजन टीम को चैंपियन बनाकर इतिहास रच दिया। वॉर्नर ने 2015 से 2021 तक लगभग 7 सालों के दौरान 67 मैचों में कप्तानी की। केन विलियमसन भी 2018 से 2022 तक 42 मैचों में कप्तान रहे। इस दौरान भुवनेश्वर कुमार ने भी कुछ मैचों में टीम की अगुवाई की। भुवी 2023 तक कप्तान रहे। मनीष पांडेय के नाम भी SRH की कप्तानी करने का कारनामा दर्ज है। उन्होंने IPL 2021 में सिर्फ एक मैच में कप्तानी की। IPL 2023 में कप्तानी का जिम्मा एडन मारक्रम को सौंपा गया और फिर IPL 2024 से टीम की कमान पैट कमिंस को सौंप दी गई। अब IPL 2026 में ईशान कुछ मैचों में कप्तानी करते नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें
ICC ODI Rankings: पाकिस्तानी बल्लेबाज ने लगा दी लंबी छलांग, आईसीसी की वनडे रैंकिंग में उठापटक
BCCI को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में 2 करोड़ रुपये के लिए करना पड़ सकता है बदलाव, जसप्रीत बुमराह हैं कारण