भारत और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रनों का स्कोर बनाया है। वहीं इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह का बिल्कुल ही अलग ही प्रदर्शन देखने को मिला है, जहां उन्होंने अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 15 रन दिए तो वहीं तीन विकेट हासिल करने में कामयाब रहे, जिसके साथ ही वह अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड जसप्रीत बुमराह के नाम पर दर्ज हो गया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले ये रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम पर था, जिन्होंने 24 मैचों में खेलते हुए 17.25 के औसत से 32 विकेट हासिल किए थे। वहीं अब इस लिस्ट में बुमराह पहले नंबर पर पहुंच गए हैं, जिन्होंने 22 मैचों में खेलते हुए 13.36 के औसत से 33 विकेट हासिल कर लिए हैं। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर अब अर्शदीप सिंह का नाम है जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में 2 विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह के नाम पर अब टी20 वर्ल्ड कप में 18 मैचों में 14.84 के औसत से 32 विकेट हासिल किए हैं।
जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने चार ओवर्स में सिर्फ 15 रन देने के साथ एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बुमराह अब टूर्नामेंट के इतिहास में एक मैच में अपने पूरे चार ओवर्स के स्पेल में 15 या उससे कम रन देने के मामले में सबसे ज्यादा बार ये कारनामा करने वाले बॉलर बन गए हैं। बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा 5वीं बार किया है, जिसमें इससे पहले वह वेस्टइंडीज टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज सैमुअल बद्री के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर काबिज थे।
ये भी पढ़ें
IPL में फिर दिखेगा धोनी का जलवा? IPL 2026 से पहले CSK के CEO का बड़ा खुलासा
संपादक की पसंद