PBKS vs RCB: IPL 2026 में आज धर्मशाला में होने वाला मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि पिछले सीजन के फाइनल का रीमैच भी है।रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स एक बार फिर आमने-सामने हैं, लेकिन इस बार दोनों टीमों की कहानी बिल्कुल अलग मोड़ पर पहुंच चुकी है। एक तरफ RCB है, जो पिछले सीजन की शानदार लय को बरकरार रखते हुए प्लेऑफ के करीब पहुंच चुकी है। वहीं दूसरी ओर पंजाब किंग्स है, जिसकी शुरुआत शानदार रही थी, लेकिन अब टीम लगातार पांच हार के बाद मुश्किलों में घिर गई है। ऐसे में धर्मशाला का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
कप्तान चोटिल
इस अहम मैच से पहले RCB को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान रजत पाटीदार चोटिल होने की वजह से इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे। इतना ही नहीं, वह टीम के साथ धर्मशाला भी नहीं पहुंचे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी संभालेंगे। रजत पाटीदार पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चोटिल हो गए थे। जितेश शर्मा के लिए यह मुकाबला बेहद खास होने वाला है, क्योंकि उन्हें अहम मैच में RCB की कप्तानी का मौका मिल रहा है। टीम को उम्मीद होगी कि विराट कोहली की शानदार फॉर्म और जितेश की आक्रामक सोच उन्हें एक और जीत दिलाएगी।
विराट कोहली पर टिकी नजरें
विराट कोहली पिछले मुकाबले में शतक जड़कर जबरदस्त लय में लौट चुके हैं और धर्मशाला में भी फैंस की नजरें उन्हीं पर टिकी रहेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बड़ी संख्या में दर्शक सिर्फ विराट की बल्लेबाजी देखने के लिए हिमाचल पहुंच रहे हैं। वहीं, पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा बन चुका है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने सीजन की शुरुआत सात मैचों तक बिना हार के की थी, लेकिन अब लगातार पांच हार ने उनकी प्लेऑफ की राह मुश्किल बना दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या PBKS धर्मशाला में अपनी खोई हुई लय वापस पाएगी या फिर RCB जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में प्लेऑफ क्वालिफाई का टैग लगाने में सफल होगी।
यह भी पढ़ें:
KKR vs GT मैच में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा
KKR ने IPL में पूरी की स्पेशल सेंचुरी, RCB के बाद ये मुकाम हासिल करने वाली बनी सिर्फ दूसरी टीम