इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। अफ्रीकी टीम पहले ही वनडे सीरीज जीत चुकी है। ऐसे में अब इंग्लैंड की टीम क्लीन स्वीप से बचने के लिए खेल रही है। तीसरे वनडे में इंग्लैंड के लिए बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया है। टीम के लिए जो रूट और जैकब बेथेल ने शतक लगाए हैं। इन दोनों प्लेयर्स की वजह से ही इंग्लैंड की टीम 414 रनों का स्कोर बनाने में सफल हो पाई है।
जो रूट ने खेली 100 रनों की पारी
इंग्लैंड की टीम के लिए ओपनिंग जोड़ी जैमी स्मिथ और बेन डकेट ने दमदार बल्लेबाजी की। इन दोनों प्लेयर्स ने पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की और बड़े स्कोर की नींव रख दी। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे जो रूट ने सधी हुई बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। उन्होंने 96 गेंदों में कुल 100 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे। वहीं जैकब बेथेल ने 82 गेंदों में 110 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। विकेटकीपर जोस बटलर ने दमदार अर्धशतक लगाया और 62 रन बनाए।
ब्रायन लारा के बराबर पहुंचे रूट
जो रूट ने अपने वनडे क्रिकेट का ये 19वां शतक लगाया है। इसी के साथ उन्होंने बाबर आजम, ब्रायन लारा और महेला जयवर्धने की बराबरी कर ली है। इन तीनों प्लेयर्स ने भी वनडे में 19-19 शतक लगाए थे। वहीं वेस्टइंडीज के शे होप, न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल और ऑस्ट्रेलिया के मार्क वॉ को पीछे कर दिया है। इन तीनों प्लेयर्स ने वनडे क्रिकेट में 18-18 शतक जड़े थे।
रूट इंग्लैंड के लिए वनडे क्रिकेट में बना चुके 7000 से ज्यादा रन
जो रूट ने इंग्लैंड की टीम के लिए वनडे क्रिकेट में साल 2013 में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वह इंग्लैंड की टीम की अहम कड़ी बने हुए हैं। उन्होंने अभी तक 183 वनडे मैचों में कुल 7301 रन बनाए हैं, जिसमें 19 शतक और 43 अर्धशतक शामिल रहे हैं। रूट की तकनीक कमाल की है और एक बार वह क्रीज पर जम गए, तो जल्दी आउट नहीं होते हैं।
यह भी पढ़ें:
एशिया कप 2025 में इस टीम से पहला मुकाबला खेलेगा पाकिस्तान, जानें भारत में कैसे देखें LIVE
इतने साल पहले खेला गया एशिया कप का पहला एडिशन, इस टीम ने जीता था खिताब