1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने एजबेस्टन में उड़ाए पाकिस्तान के होश, पूरी टीम सिर्फ 133 रन पर ढेर

इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने एजबेस्टन में उड़ाए पाकिस्तान के होश, पूरी टीम सिर्फ 133 रन पर ढेर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 09, 2026 08:15 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 08:27 pm IST

पाकिस्तान की बल्लेबाजी एजबेस्टन में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। पाकिस्तान के टॉप आर्डर ने बुरी तरह निराश किया।

ENG vs PAK- India TV Hindi
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान Image Source : AP

पाकिस्तान की बल्लेबाजी एजबेस्टन में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। शुरुआती झटकों से टीम उबर ही नहीं सकी और एक समय ऐसा लग रहा था कि 100 रन तक पहुंचना भी मुश्किल होगा। आखिरकार सऊद शकील की 43 रन की पारी और आखिरी विकेट की साझेदारी के सहारे पाकिस्तान पहली पारी में 133 रन तक पहुंच सका।

इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने एजबेस्टन में पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। तीन मैचों की सीरीज के आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड के पेस अटैक के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 133 रन पर ढेर हो गई। जोश टंग ने चार विकेट लिए, जबकि ओली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर ने तीन-तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पाकिस्तान के लिए सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। उनके अलावा किसी बल्लेबाज ने बड़ी पारी नहीं खेली। रॉबिन्सन ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर तीन विकेट झटके। उनका इकॉनमी रेट महज 1.36 रहा।

पाकिस्तान ने लंच तक सात विकेट गंवा दिए थे और स्कोर 100 रन था। ब्रेक के बाद रॉबिन्सन ने तीसरी ही गेंद पर डेब्यू कर रहे रज़ाउल्लाह को स्लिप में कैच करा दिया। इसके बाद टंग ने शकील की पारी का अंत किया। गेंद ने ऑफ स्टंप के बाहर से अंदर की ओर मूव किया और शकील का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया। उन्होंने 47 गेंदों में 43 रन बनाए।

10वें विकेट के लिए हुई 26 रन की पार्टनरशिप

पाकिस्तान की आखिरी जोड़ी मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद अली ने कुछ देर तक इंग्लैंड के गेंदबाजों को परेशान किया। दोनों ने 26 रन जोड़े, जो पाकिस्तान की इस पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। खास बात यह रही कि इस सीरीज में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों की पांच पारियों में कुल 20 रन की साझेदारी भी नहीं हुई है। हालांकि, अब्बास के दूसरी स्लिप में कैच आउट होते ही पाकिस्तान की पारी समाप्त हो गई। आर्चर ने उनका विकेट लेकर अपने खाते में तीसरी सफलता जोड़ी और पाकिस्तान 133 रन पर ऑलआउट हो गया।

टॉप आर्डर ने फिर किया निराश

पाकिस्तान के लिए शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 48 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। कप्तान बाबर आजम भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और सिर्फ 7 रन बनाकर टंग की शानदार गेंद पर बोल्ड हो गए। गेंद ने गुड लेंथ से अंदर की ओर मूव किया और उनका ऑफ स्टंप उखाड़ दिया। आर्चर ने भी अपना असर दिखाया। अजान अवैस का कैच पहली स्लिप में छूटने के बावजूद इंग्लैंड को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा और टंग ने अगले ही मौके पर उन्हें मिडविकेट पर कैच करा दिया। शान मसूद भी आर्चर की गेंद पर मिडविकेट में कैच आउट हुए।

शकील ने अकेले संभाला मोर्चा

चार विकेट सिर्फ 26 रन पर गिरने के बाद पाकिस्तान को सऊद शकील से उम्मीद थी और उन्होंने कुछ हद तक उसे कायम भी रखा। उन्हें एक मौका भी मिला, जब डकेट ने स्लिप में उनका कैच छोड़ दिया। इसके बाद शकील ने कुछ शानदार चौके लगाए, लेकिन टंग के लगातार दबाव के सामने वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। विकेटकीपर गाजी घोरी ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहली गेंद पर चौका लगाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन टंग ने जल्द ही उन्हें LBW कर दिया। डेब्यू कर रहे मोहम्मद इमरान रंधावा भी टंग का शिकार बने। इस तरह पाकिस्तान की पारी 133 रन पर सिमट गई।

यह भी पढ़ें:

दोहरा शतक ठोकने के बाद भी नहीं रुके ईशान किशन, दूसरी पारी में तोड़ा 16 साल पुराना कीर्तिमान

पाकिस्तान क्रिकेट का बंटाधार करने के बाद बड़बोले हुए बाबर आजम, टीम का सूपड़ा साफ होने के करीब

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल