इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भारत के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में शानदार शतक लगाया। इस शतकीय पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। बटलर ने टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने पांचवें मुकाबले में 51 गेंदों में 100 रन पूरे किए और अंत में 64 बॉल पर 131 रन की दमदार पारी खेलकर वह आउट हुए। इंग्लैंड ने उनके शतक और हैरी ब्रूक के नाबाद 95 रनों की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 257 रन बनाए।
टी20 इंटरनेशनल में जोस बटलर ने कितने रन बनाए हैं?
जोस बटलर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अब विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। विराट कोहली ने अपने T20I करियर में 125 मैचों में 4188 रन बनाए थे। उन्होंने इस दौरान एक शतक और 38 अर्धशतक लगाए। वहीं बटलर अब तक 160 मैचों में 4212 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस दौरान दो शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज को कोहली को पीछे छोड़ने के लिए मैच से पहले 108 रन की जरूरत थी, वह 64 गेंदों में 131 रन की पारी खेलकर भारतीय क्रिकेटर से आगे निकल गए।
बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए बटलर को कितने रन की जरूरत?
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम है। पाकिस्तान के इस बल्लेबाज ने 145 मैचों में 4596 रन बनाए हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में तीन शतक और 39 अर्धशतक दर्ज हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 159 मैचों में 4231 रन बनाए हैं। रोहित ने इस फॉर्मेट में 5 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं। बटलर अब अगला टी20 इंटरनेशनल मैच में 20 रन बनाते ही रोहित शर्मा को पीछे छोड़ देंगे। वहीं बाबर आजम से आगे निकलने के लिए उन्हें 385 रन की जरूरत है।
इंग्लैंड ने 4-0 से सीरीज किया अपने नाम
पांचवें टी20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को 56 रनों हराकर सीरीज को 4-0 से अपने नाम किया है। इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 257 रन बनाए थे। जोस बटलर के अलावा इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने नाबाद 95 रनों की पारी खेली। जवाब में टीम इंडिया 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 201 रन ही बना सकी। इस सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिसके बाद टीम को लगातार चार मैच में हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें