1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. करुण नायर के लिए खत्म हो चुका समय? जगह लेने के लिए बिल्कुल तैयार बैठे 2 बड़े दावेदार

करुण नायर के लिए खत्म हो चुका समय? जगह लेने के लिए बिल्कुल तैयार बैठे 2 बड़े दावेदार

 Published : Jul 19, 2025 05:40 pm IST,  Updated : Jul 19, 2025 05:40 pm IST

इंग्लैंड दौरे पर करुण नायर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और उनके बल्ले से रन निकलना मुश्किल हो गए हैं। उन्होंने अभी तक इंग्लैंड दौरे पर कुल 131 रन बनाए हैं।

karun nair- India TV Hindi
करुण नायर Image Source : GETTY

Karun Nair: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज करुण नायर ने घरेलू क्रिकेट में रनों की बरसात कर दी थी। इसी वजह से उनकी भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हुई थी। ऐसे में सभी को उम्मीद थी कि वह इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। लेकिन वह ऐसा कर नहीं सके। इंग्लैंड में मिले मौको को वह पूरी तरह से भुना नहीं पाए हैं और उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है।

पहले टेस्ट में ही जीरो पर हुए थे आउट

करुण नायर इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में सिर्फ 20 रन बना पाए थे। इस टेस्ट की पहली पारी में तो वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। फिर दूसरे टेस्ट में उन्होंने क्रीज पर टिकने की कोशिश की, लेकिन बड़ी पारियां खेलने में विफल रहे। उछाल लेती गेंदें उनके लिए परेशानी का सबब बन गईं और वह अंग्रेज गेंदबाजों का आसान शिकार बन गए। दूसरे टेस्ट में उन्होंने 31 और 26 रन बनाए।

तीसरे टेस्ट में रहे फ्लॉप

तीसरे टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल अच्छा नहीं कर पाए। इसी वजह से नंबर-3 पर उतरने वाले करुण नायर पर जिम्मेदारी थी कि वह आकर बड़ी पारी खेलें, लेकिन वह बुरी तरह से नाकाम रहे। पहली पारी में उन्होंने 40 रन और दूसरी पारी में 14 रन बनाए। वह टीम के लिए कमजोर कड़ी साबित हो रहे हैं। इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में कुल 131 रन बनाए हैं। ऐसे में अब चौथे टेस्ट मैच से उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह लेने के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वाड में साई सुदर्शन और अभिमन्यु ईश्वरन मौजूद हैं।

1. अभिमन्यु ईश्वरन

अभिमन्यु ईश्वरन ने भी घरेलू क्रिकेट में कमाल का खेल दिखाया था और टीम इंडिया में एंट्री पाई थी, लेकिन उन्हें अभी तक भारतीय टीम में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल पाया है। 29 साल के ईश्वरन ने 103 फर्स्ट क्लास मैचों में कुल 7841 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 27 शतक और 31 अर्धशतक निकले हैं। इसके अलावा लिस्ट-ए क्रिकेट में वह 3857 रन बना चुके हैं।

2. साई सुदर्शन

दूसरी तरफ साई सुदर्शन ने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उन्हें डेब्यू करने का मौका मिला था, लेकिन वह दोनों पारियों को मिलाकर सिर्फ 30 रन ही बना पाए थे। फिर उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर का रास्ता दिखाया गया था। अब कप्तान शुभमन गिल उन्हें एक और मौका दे सकते हैं। सुदर्शन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 1987 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक शामिल हैं। इसके अलावा 28 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम पर 1396 रन दर्ज हैं। 

यह भी पढ़ें:

IND vs ENG: ऋषभ पंत के पास नंबर 1 बनने का मौका, इतने रन बनाते ही छोड़ देंगे रोहित को पीछे

अब शुरू होगी गिल की असली परीक्षा, पूर्व कप्तान ने चौथे से टेस्ट से पहले दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल