इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में अब तक टीम इंडिया ने हर डिपार्टमेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है। फिलहाल इस मैच में गिल एंड कंपनी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। लेकिन टीम इंडिया में इस वक्त एक खिलाड़ी ऐसा है जिसको लगातार मौके मिल रहे हैं लेकिन वह एक भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। हम बात कर रहे हैं करुण नायर की।
टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगा चुके हैं करुण नायर
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ चुके करुण नायर को जब भारतीय टेस्ट टीम से ड्रॉप किया गया था, उसके बाद उनको लेकर फैंस ने कई मौकों पर बीसीसीआई को ट्रोल किया। करुण नायर ने भी ट्वीट करते हुए डियर क्रिकेट से एक मौका मांगा था। अब जब टीम इंडिया में उन्हें मौका मिल रहा है, तो वह उसे भुना नहीं पा रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ अब तक खेले गए दो टेस्ट मैचों की 4 पारियों में वह सिर्फ 77 रन बना पाए हैं। इस दौरान उन्हें कुछ पारियों में अच्छी शुरुआत मिली है लेकिन उसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए हैं।
टीम में जगह बचाने के लिए करुण नायर को खेलनी होगी बड़ी पारी
अब सवाल ये उठता है कि आखिर कब तक करुण नायर इस तरह से अपने मौके को गंवाते रहेंगे। ये बात तो लगभग पक्की है कि उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज में सभी 5 टेस्ट मैच में मौके मिलेंगे, लेकिन अगर वह अब बचे हुए तीन मुकाबलों में एक भी बड़ी पारी नहीं खेल पाते हैं तो उनके लिए फिर टीम में जगह बचा पाना बेहद मुश्किल हो जाएगा। टेस्ट क्रिकेट में करुण नायर के आंकड़ों की बात करें तो वहां अब तक वह 7 मैचों में एक तिहरा शतक की मदद से 394 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान उनका औसत 49.25 का रहा है। अगर उस एक ट्रिपल सेंचुरी को छोड़ दें तो उसके बाद से अब तक वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं।
यह भी पढ़ें
स्मृति मंधाना ने हासिल किया ऐतिहासिक कीर्तिमान, इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को छोड़ा पीछे
मटियामेट हुआ 128 साल पुराना महारिकॉर्ड, इस बल्लेबाज ने टेस्ट में दिखाया ODI वाला जलवा