भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी की जिसमें पूरी पारी 18.4 ओवर्स में 125 रन बनाकर सिमट गई। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस टारगेट को 13.2 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल करने के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया को भले ही इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा लेकिन कुलदीप यादव एक बड़ा कारनामा करने में कामयाब रहे जिसमें वह अब भारत की तरफ से घर से बाहर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
कुलदीप यादव ने सिर्फ 18 पारियों में चहल को छोड़ा पीछे
टी20 इंटरनेशनल में अब तक कुलदीप यादव का गेंद से घर और बाहर दोनों जगह अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला है। कुलदीप अब टी20 इंटरनेशनल में घर से बाहर भारतीय टीम की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं, जिसमें वह इससे पहले नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ने में कामयाब हुए हैं। कुलदीप ने अब तक घर से बाहर विरोधी टीम के मैदान पर टी20 इंटरनेशनल की 18 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 11.02 के औसत से 39 विकेट हासिल किए हैं। वहीं युजवेंद्र चहल ने 32 पारियों में 27.62 के औसत से 37 विकेट हासिल किए हैं। हार्दिक पांड्या का नाम इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है जिन्होंने कुल 36 विकेट हासिल किए हैं तो वहीं जसप्रीत बुमराह 34 विकेट के साथ चौथे नंबर पर हैं।
घर से बाहर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
- कुलदीप यादव - 39 विकेट
- युजवेंद्र चहल - 37 विकेट
- हार्दिक पांड्या - 36 विकेट
- जसप्रीत बुमराह - 34 विकेट
- अर्शदीप सिंह - 32 विकेट
टीम इंडिया को मिली गेंदों के मामले में दूसरी सबसे बड़ी हार
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टारगेट का पीछा 13.2 ओवर्स में कर लिया, जिसमें उन्होंने ये मैच 40 गेंदों पहले ही जीत लिया। भारतीय टीम की ये टी20 इंटरनेशनल में गेंदों के मामले में दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले साल 2008 में टीम इंडिया को मेलबर्न के मैदान पर जब ऑस्ट्रेलिया ने मात दी थी तो उन्होंने उस मैच को 52 गेंद पहले ही अपने नाम कर लिया था।
ये भी पढ़ें