1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मशहूर T20 लीग को लेकर आई बड़ी खबर, 2 साल के लंबे अंतराल के बाद होगा आयोजन

मशहूर T20 लीग को लेकर आई बड़ी खबर, 2 साल के लंबे अंतराल के बाद होगा आयोजन

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 22, 2026 05:24 pm IST,  Updated : Apr 22, 2026 05:26 pm IST

लंका प्रीमियर लीग को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। श्रीलंका क्रिकेट ने लीग के आयोजन को लेकर बड़ी जानकारी दी है।

Lanka Premier League- India TV Hindi
लंका प्रीमियर लीग Image Source : AFP

Lanka Premier League 2026: क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। श्रीलंका क्रिकेट ने लंका प्रीमियर लीग यानी LPL 2026 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। श्रीलंका क्रिकेट ने जानकारी दी कि LPL 2026 का आयोजन 10 जुलाई से 5 अगस्त के बीच किया जाएगा। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन पोर्टल 4 मई से खुल जाएगा। दरअसल, LPL का छठा सीजन पहले दिसंबर 2025 में प्रस्तावित था, लेकिन फरवरी-मार्च 2026 में होने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए इसे टाल दिया गया। इस टूर्नामेंट की मेजबानी श्रीलंका और भारत ने मिलकर की थी। इस वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी थी।

चार शहर, 24 मुकाबले और दमदार फॉर्मेट

LPL 2026 में कुल 24 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 20 लीग मैच और 4 नॉकआउट शामिल होंगे। यह मैच चार प्रमुख मैदानों पर आयोजित होंगे। इनमें कोलंबो का सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब, आर. प्रेमदासा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, कैंडी का पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और दांबुला का रंगिरी दंबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम शामिल है। टूर्नामेंट में पांच फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी, जो लीग चरण में एक-दूसरे से दो-दो बार भिड़ेंगी। इसके बाद पॉइंट्स टेबल में शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में जगह बनाएंगी।

कैसा होगा प्लेऑफ का फॉर्मेट

प्लेऑफ में पहले क्वालिफायर-1 में टॉप-2 टीमें आमने-सामने होंगी, जहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। तीसरे और चौथे स्थान की टीमें एलिमिनेटर खेलेंगी, जिसकी विजेता टीम क्वालिफायर-2 में क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम से भिड़ेगी। इस मुकाबले से दूसरी फाइनलिस्ट टीम तय होगी। साल 2020 में शुरू हुआ LPL अब एक बड़ा घरेलू T20 टूर्नामेंट बन चुका है, जिसमें इंटरनेशनल खिलाड़ियों की भी मजबूत मौजूदगी रहती है। टूर्नामेंट के डायरेक्टर के रूप में समंथा डोडनवेला अपनी भूमिका में बने रहेंगे। अब फैंस को जुलाई का इंतजार है, जब श्रीलंका में एक बार फिर T20 क्रिकेट का रोमांच चरम पर होगा।

गौरतलब है कि जाफना किंग्स लंका प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीम है। जाफना किंग्स ने 3 बार LPL का खिताब जीता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम इस बार बाजी मारने में सफल होती है। 

 यह भी पढ़ें

ODI विश्व कप 2011 क्यों नहीं खेल पाए रोहित शर्मा, खुद सिलेक्टर ने कर दिया बड़ा खुलासा

टी20 सीरीज के लिए टीम का हो गया ऐलान, ODI के बाद होंगे तीन मुकाबले

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल