1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आखिरी गेंद पर जीत के लिए चाहिए था एक रन, बल्लेबाज दौड़ते हुए गिरा और हो गया अजीबोगरीब तरीके से Run Out; देखें VIDEO

आखिरी गेंद पर जीत के लिए चाहिए था एक रन, बल्लेबाज दौड़ते हुए गिरा और हो गया अजीबोगरीब तरीके से Run Out; देखें VIDEO

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Aug 21, 2025 05:33 pm IST,  Updated : Aug 21, 2025 05:33 pm IST

इंग्लैंड में खेले जा रहे उनके घरेलू वन-डे टूर्नामेंट में लीस्टरशायर और डर्बीशार के बीच हुआ मुकाबला टाई पर खत्म हुआ। इस मुकाबले की आखिरी गेंद पर डर्बीशायर की टीम को जीत के लिए एक रन बनाना था, लेकिन उनके खिलाड़ी जैक चैपल अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हो गए।

Zak Chappell Run Out- India TV Hindi
जैक चैपल रन आउट Image Source : GETTY

इंग्लैंड में अभी खेले जा रहे उनके घरेलू वन-डे टूर्नामेंट में 20 अगस्त को लेस्टरशायर और डर्बीशायर के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें मैच का परिणाम अंत में बराबरी पर खत्म हुआ। इस मैच में लेस्टरशायर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 312 रन बनाए थे, जिसके बाद टारगेट का पीछा करते हुए डर्बीशायर की टीम ने 49.5 ओवर्स में 312 रन बना लिए थे, लेकिन आखिरी गेंद पर जब उन्हें मुकाबला जीतने के लिए एक रन चाहिए था तो जैक चैपेल जो स्ट्राइक एंड पर थे वह एक रन लेने के प्रयास में काफी अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हो गए जिसके चलते मुकाबला टाई पर खत्म हो गया।

जैक चैपल के हाथ से छूटा बल्ला और दौड़ते हुए पिच पर गिरे

डर्बीशायर की टीम को आखिरी ओवर में इस मुकाबले को जीतने के लिए 14 रन चाहिए थे, जिसमें जैक चैपेल ने पहली तीन गेंदों में कुल 12 रन बना दिए थे। इसके बाद एक वाइड गेंद होने से स्कोर बराबर हो गया। लेस्टरशायर की तरफ से गेंदबाजी कर रहे टॉम स्क्रीवन ने चौथी और पांचवीं गेंद पर एक भी रन नहीं दिया। अब डर्बीशायर को आखिरी गेंद पर जीत के लिए एक रन बनाना था। जैक चैपेल ने आखिरी गेंद पर लेग साइड की तरफ बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन बॉल उनके थाई पैड पर जाकर लगी और वहीं रह गई। इसी दौरान नॉन स्ट्राइक एंड पर खड़े रोरी हेयडन एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े।

जैक चैपेल ने भी तुरंत दूसरे छोर की तरफ दौड़ तो लगाई लेकिन इसी दौरान उनका बल्ला हाथ से फिसल गया जो ठीक उनके आगे जाकर गिरा। ऐसे में चैपेल ने खुद को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह वहीं पिच पर गिर पड़े। इसी दौरान लेस्टरशायर के विकेटकीपर जॉर्डन कॉक्स ने गेंद दूसरे एंड पर थ्रो कर दी जिसके चलते चैपेल रन आउट हो गए।

प्वाइंट्स टेबल में अभी दोनों टीमों की है ये स्थिति

लेस्टरशायर और डर्बीशायर के बीच ये मुकाबला टाई होने के बाद दोनों टीमों को 2-2 अंक तो मिले लेकिन इसके चलते ग्रुप-ए में अभी भी लेस्टरशायर जहां 10 अंकों के साथ 7वें नंबर पर है तो वहीं डर्बीशायर की टीम 12 अंकों के साथ 7वें नंबर पर है। अभी लेस्टरशायर को जहां ग्रुप-ए में 2 और मुकाबले खेलने हैं तो वहीं डर्बीशायर की टीम को तीन और मैच खेलने बाकी है।

ये भी पढ़ें

इस खिलाड़ी ने अचानक छोड़ दी कप्तानी, क्या अब किसी युवा को मिलेगी कमान!

आईसीसी को फिर से जारी करनी पड़ी वनडे रैंकिंग, इस नंबर पर हैं रोहित शर्मा और विराट कोहली

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल