टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टूर्नामेंट रहा ऐतिहासिक, 55 मैचों के दौरान प्लेयर्स ने बनाए कई बड़े रिकार्ड्स
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टूर्नामेंट रहा ऐतिहासिक, 55 मैचों के दौरान प्लेयर्स ने बनाए कई बड़े रिकार्ड्स
Written By: Hitesh Jha
Published : Mar 10, 2026 04:40 pm IST,
Updated : Mar 10, 2026 04:43 pm IST
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टूर्नामेंट अब खत्म हो चुका है। इस टूर्नामेंट में कुल 55 मुकाबले खेले गए। इस दौरान कई बड़े रिकॉर्ड टूटे तो कुछ नए रिकार्ड्स बने भी। आइए एक नजर डालते हैं उन सभी रिकार्ड्स पर।
Image Source : AP
टीम इंडिया
टीम इंडिया के चैंपियन बनने के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टूर्नामेंट खत्म हो गया। टीम इंडिया तीन बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इससे पहले इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीम दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी है। टूर्नामेंट में कुल 55 मुकाबले खेले गए इस दौरान कुछ जबरदस्त कैच, शानदार क्रिकेटिंग शॉट्स, सांसे थाम देने वाला रन चेज और ऐसे बॉलिंग स्पेल देखने को मिले जो फैंस को काफी लंबे समय तक याद रहेंगे। इस बीच हम आपको कुछ ऐसे बड़े रिकार्ड्स के बारे में बताएंगे जो इस टूर्नामेंट के दौरान टूटे।
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बने ये बड़े रिकॉर्ड
इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने मिलकर कुल 106 छक्के लगाए। यह पहली बार है जब किसी टीम ने T20 वर्ल्ड कप में 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हों।
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया था। इसके साथ ही वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। गेल ने इससे पहले 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 बॉल में अपनी सेंचुरी पूरी की थी। फिन एलन टी20 वर्ल्ड कप और वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में सिर्फ 18 गेंदों में अपनाअर्धशतक पूरा किया था, यह इस टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज और T20 वर्ल्ड नॉकआउट मैच का भी सबसे तेज अर्धशतक है। संजू सैमसन ने इस टी20 वर्ल्ड कप में कुल 24 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह एक टी20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
250-प्लस स्कोर: टीम इंडिया लगातार दो बार 250-प्लस स्कोर बनाने वाली पहली टीम बनकर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम करने में कामयाब रही। वानखेड़े में सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाया था। वहीं टीम इंडिया ने फाइनल में भी 5/255 का स्कोर बनाया था। यह टूर्नामेंट में भारत का तीसरा 250+ रन का टोटल था। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ भी 256/4 का स्कोर बनाया, जो T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम का सबसे बड़ा टोटल है।
383 रन: पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 383 रन बनाए। इसके साथ ही वह एक T20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और उन्होंने विराट का रिकॉर्ड तोड़ा। विराट ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप में 319 रन बनाए थे। इस वर्ल्ड कप में फरहान के बल्ले से दो शतक और एक अर्धशतक आया था। हालांकि न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट (326) और संजू सैमसन (321) भी विराट से आगे निकल गए।
176: साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मैच में 176 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी। यह T20Is में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में टीम इंडिया ने पहले छह ओवर में 92/0 का स्कोर बनाया, जो T20 वर्ल्ड कप मैच में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर था।
संजू सैमसन ने फाइनल में 89 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अपना अहम योगदान दिया। संजू की ये 89 रन की पारी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी भी बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी थी। अपनी 46 गेंदों की पारी के दौरान संजू ने पांच चौके और आठ छक्के लगाए थे।
499 रन: वानखेड़े में इंडिया और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मैच में दोनों टीमों ने मिलकर 499 रन बनाए। यह T20 वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमों को मिलाकर सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं यह T20I इतिहास दोनों टीमों को मिलाकर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
भारत तीन T20 वर्ल्ड कप टाइटल जीतने वाली पहली टीम है, इससे पहले उसने 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था। भारतीय टीम होस्ट देश के तौर पर यह कॉम्पिटिशन जीतने वाली भी पहली टीम है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए थे। यह T20WC फाइनल का सबसे बड़ा टोटल था और किसी भी ICC T20I नॉकआउट या प्लेऑफ मैच का भी ये सबसे बड़ा स्कोर था।