1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. LSG को लगा बड़ा झटका, वानिंदु हसरंगा पूरे सीजन से हुए बाहर; 34 साल का खिलाड़ी लेगा उनकी जगह

LSG को लगा बड़ा झटका, वानिंदु हसरंगा पूरे सीजन से हुए बाहर; 34 साल का खिलाड़ी लेगा उनकी जगह

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 10, 2026 05:41 pm IST,  Updated : Apr 10, 2026 05:41 pm IST

आईपीएल 2026 के सीजन में अब तक कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो फिटनेस की समस्या के चलते अपनी फ्रेंचाइजी से जुड़ नहीं पाए हैं। इसी में एक नाम श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा का भी शामिल था, जो अब पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का ऐलान कर दिया गया है।

George Linde- India TV Hindi
जॉर्ज लिंडे Image Source : AFP

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में लखनऊ सुपर जाएंट्स को एक बड़ा झटका धाकड़ मैच विनर स्पिन गेंदबाज वानिंदु हसरंगा को लेकर लगा है। सीजन शुरू होने से पहले ही हसरंगा की फिटनेस को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी, जिसके बाद अब ये साफ हो गया है कि आईपीएल 2026 में वह खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने वानिंदु हसरंगा के बाहर होने के साथ ही उनके रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का भी ऐलान कर दिया है, जिसमें उन्होंने 34 साल के साउथ अफ्रीकी बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज जॉर्ज लिंडे को चुना है। लखनऊ सुपर जाएंट्स को आईपीएल 2026 सीजन में अपना अगला मुकाबला 12 अप्रैल को खेलना है और उससे पहले लिंडे के स्क्वाड के साथ जुड़ने की संभावना जताई गई है।

टॉम मूडी ने केकेआर के खिलाफ मैच में हसरंगा को लेकर दिया था बयान

लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ब्रॉडकास्टर के साथ बातचीत करते हुए वानिंदु हसरंगा को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि वह इस सीजन से बाहर हो गए हैं और हम उनके रिप्लेसमेंट प्लेयर की खोज भी कर रहे हैं, जिसका ऐलान अगले एक से दो दिनों में कर दिया जाएगा। अब हसरंगा की जगह पर लिंडे को शामिल कर लिया गया है। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने वानिंदु हसरंगा के रिप्लेसमेंट को लेकर कुछ विदेश स्पिनर्स को शॉर्टलिस्ट किया था, जिसमें मुजीब उर रहमान और लियम डॉसन का नाम शामिल था, लेकिन अंत में उन्होंने 34 साल के जॉर्ज लिंडे को चुना।

पहली बार आईपीएल का हिस्सा बने जॉर्ज लिंडे

साउथ अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज जॉर्ज लिंडे को लेकर बात की जाए तो वह पहली बार आईपीएल में किसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने हैं। उनके पास टी20 क्रिकेट में खेलने का काफी अनुभव हासिल है। जॉर्ज लिंडे के करियर को देखा जाए तो उन्होंने अभी तक अपने टी20 करियर में कुल 250 मुकाबले खेले हैं और उसमें वह 26.19 के औसत से 218 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। इसके अलावा लिंडे निचलेक्रम में बल्ले से भी अहम योगदान दे सकते हैं, उनके नाम पर टी20 में चार अर्धशतकीय पारियां भी दर्ज हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में जॉर्ज लिंडे ने तीन टेस्ट, चार वनडे और 37 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं।

ये भी पढ़ें

फिन एलन के विवादास्पद कैच आउट को लेकर KKR ने जताई नाराजगी, बताया क्या करेगी इसकी शिकायत?

'भारत का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बना दूंगा'- मुकुल चौधरी को लेकर LSG के कोच ने की थी बड़ी भविष्यवाणी, VIDEO हुआ वायरल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल