IND vs AFG Pitch Report: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला शनिवार, 20 जून चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 1:00 बजे होगा। भारतीय टीम शुरुआती दोनों मैच जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। अब कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया अफगानिस्तान का 3-0 से सूपड़ा साफ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। दूसरी ओर, मेहमान टीम भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपनी पहली जीत दर्ज करने की पूरी कोशिश करेगी।
IND vs AFG: कैसा रहेगा चेन्नई की पिच का मिजाज?
भारत और अफगानिस्तान के बीच ये मुकाबला चेपॉक स्टेडियम की पिच नंबर 4 पर होने जा रहा है, जो लाल मिट्टी से बनी है। इस तरह की पिच पर आमतौर पर अच्छा बाउंस देखने को मिलता है, जिससे गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी आसानी होती है। हालांकि, चेन्नई में दो दिन पहले बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह साफ है। मैच के दौरान आज तेज धूप और उमस रहने वाली है, जिससे खिलाड़ियों की फिटनेस का असली टेस्ट होगा।
वनडे में चेपॉक स्टेडियम में आंकड़े
चेपॉक के मैदान पर अब तक कुल 28 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 15 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 12 मैचों में सफलता मिली है। इस मैदान पर टॉस की भूमिका अहम रहती है, क्योंकि टॉस जीतने वाली टीम ने यहां 17 मैच जीते हैं। इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर 337/7 और सबसे छोटा स्कोर 69 रन है। अब देखना ये होगा इस मैच में टीमों का प्रदर्शन कैसा रहता है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में टीम इंडिया का पलड़ा है भारी
वनडे इतिहास में भारत और अफगानिस्तान की टीमें अब तक कुल 6 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें से 5 मैचों में भारतीय टीम ने एकतरफा जीत हासिल कर अपना दबदबा बनाए रखा है, जबकि दोनों के बीच खेला गया एक मैच टाई रहा था। अफगानिस्तान को अब तक भारत के खिलाफ पहली वनडे जीत का इंतजार है।
यह भी पढ़ें
FIFA World Cup 2026: यूएसए ने राउंड ऑफ 32 के लिए किया क्वालीफाई, ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से दी मात